भारत में खपाने के लिए बांगलादेश से आए थे 10 लाख के जाली नोट, पढ़ें...
पश्चिम चंपारण पुलिस ने 10 लाख रुपये के जाली नोट लेकर आ रही एक महिला समेत दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। ये तस्कर अंतरराष्ट्रीय गिरोह के सदस्य हैं। पकड़ी गई महिला पश्चिम बंगाल के मालदा की रहनेवाली है।
पश्चिम चंपारण। पुलिस ने 10 लाख रुपये के जाली नोट लेकर आ रही एक महिला समेत दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। ये तस्कर अंतरराष्ट्रीय गिरोह के सदस्य हैं। पकड़ी गई महिला पश्चिम बंगाल के मालदा की रहनेवाली है।बांग्लादेश के रास्ते जाली नोट की बड़ी खेप लेकर यहां पहुंची थी।
पुलिस कप्तान विनय कुमार ने बताया कि महिला की निशानदेही पर मझौलिया थाना के करमवा गांव निवासी रमेश कुमार को बखरिया चौक से गिरफ्तार किया गया। महिला कैरियर का काम करती थी। वह पश्चिम बंगाल के मालदा जिला निवासी अहमद मिया की पत्नी गुलेनूर है, जो बस से जाली नोट की खेप लेकर बेतिया आ रही थी।
एसपी की सूचना पर एएसपी (अभियान) राजेश कुमार ने छापेमारी की। इसी क्रम में महिला को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर जिले के नौतन व मझौलिया समेत कई जगहों पर ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू कर दी गई, लेकिन इसकी सूचना लीक हो जाने के कारण धंधेबाज फरार होने में कामयाब रहे।
बताया जाता है कि जब्त जाली नोटों को तस्कर नेपाल ले जा रहे थे। इसके बाद इन नोटाें को वहां से तस्कर फिर भारत में लाकर खपाते।