आंधी से घर पर गिरा पेड़, बाल-बाल बचे लोग
जागरण संवाददाता, रक्सौल : भारत-नेपाल सीमा के हिमालय की तलहटी वाले क्षेत्र में सोमवार की रात तेज आंधी
जागरण संवाददाता, रक्सौल : भारत-नेपाल सीमा के हिमालय की तलहटी वाले क्षेत्र में सोमवार की रात तेज आंधी व बारिश ने जनजीवन को तबाह कर दिया है। देर रात अचानक मौसम का मिजाज बदला, तेज हवा के साथ बिजली कड़कने की जोरदार आवाज ने लोगों की धड़कनें बढ़ा दी। इस बीच करीब 200 किलोमीटर की तेज रफ्तार से 15 मिनट तक चली तूफानी हवा से फिर कोई बड़ी अनहोनी को लेकर लोग सहम गये थे। शादी के पंडाल आंधी में गिर गये। रक्सौल शहर के मुख्य पथ कोइरिया टोला में पूर्व नगर पार्षद रामशंकर महतो, शिक्षक पवनकिशोर कुशवाहा व अधवकिशोर के मकान पर ताड़ का पेड़ गिर गया, जिससे मकान क्षतिग्रस्त हो गया। घर के शीशे व ईट छिटकने से परिवार के 10 वर्षीय अभिनंदन कुमार व 11 वर्षीय रियानंदन चोटिल हो गये। घर की छत व दीवार में दरार पड़ गयी। इसके अलावे समीप में स्थित नगर पार्षद गायत्री देवी व राकेश कुशवाहा के मकान को भी आंशिक रूप से क्षति पहुंची। इनलोगों ने बताया कि इसकी सूचना मौखिक रूप से प्रशासन व नगर परिषद को दी गयी है। समाचार लिखे जाने तक करीब 20 घंटे बाद भी मकान से पेड़ नहीं हटाया गया है। मकान में दरार पड़ने से बड़ी घटना घटने की संभावना है। इसके आसपास दो पड़ों की जड़ आधा कटी है, जिसमें दरारें पड़ गई है। इधर पलनवा थाना क्षेत्र के मुहसरवा में बैधनाथ पंडित के घर का करकट गिरने से उनकी पत्नी अंतिमा देवी का पैर जख्मी हो गया। पखनहिया के दीनानाथ प्रसाद की दुकान का छच्जा उड़ गया। बस्टी व पखनहिया के बीच हाईटेंशन तार टूटकर गिर गया।
बारिश से जल-जमाव
बारिश से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जल-जमाव से आवागमन प्रभावित हो गया है। शहर के नेपाली स्टेशन, तुमडि़या टोला, परेउवा रेलवे क्रासिंग, एयरपोर्ट रोड, स्टेशन रोड कीचड़ से सन गए हैं, जिसे आवागमन प्रभावित हो रहा है।