दो माह की गर्भवती थी मृत महिला
महिला अधजली अवस्था में मिली थी वह दो माह की गर्भवती थी।
दरभंगा। दरभंगा जंक्शन पर जननायक एक्सप्रेस ट्रेन में जो महिला अधजली अवस्था में मिली थी वह दो माह की गर्भवती थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसका खुलासा हुआ। उक्त महिला की डीएमसीएच में चार दिन पूर्व मृत्यु हो गई थी। हालांकि अब तक उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। मालूम हो कि गत 9 जनवरी को दरभंगा जंक्शन पर जननायक ट्रेन में अधजली अवस्था में एक महिला पाई गई थी। उसकी स्थिति गंभीर थी। उसके शरीर पर सरकारी अस्पताल की हरा रंग की मात्र चादर थी। जीआरपीएफ ने उसे डीएमसीएच में भर्ती कराया। 10 जनवरी को उसकी मौत हो गई। चिकित्सकों के मुताबिक महिला 70 फीसद जली हुई थी। उसके हाथ या पैर में किसी प्रकार के आभूषण नहीं थे। शरीर के विभिन्न हिस्सों में बैंडेज बंधे हुए थे। उसकी उम्र 30 साल बताई जाती है। जीआरपी ने गत नौ जनवरी को महिला को गंभीर अवस्था में इलाज के लिए डीएमसीएच में भर्ती कराया था। सर्जरी वार्ड के डॉ. जीसी कर्ण की यूनिट में 10 जनवरी को मरीज की मौत हो गई। इसके बाद पुलिस इसकी शिनाख्त के लिए पोस्टमार्टम में लाश रखी थी। बेंता ओपी पुलिस ने बताया कि लाश की शिनाख्त नहीं होने के बाद उसका पोस्टमार्टम कराया गया।