हर्षोल्लास के साथ महापर्व छठ संपन्न
जेएनएन,बेनीपुर/बिरौल : बेनीपुर व बिरौल अनुमंडल क्षेत्र में आस्था का महापर्व छठ हर्षोल्लास के साथ मना
जेएनएन,बेनीपुर/बिरौल : बेनीपुर व बिरौल अनुमंडल क्षेत्र में आस्था का महापर्व छठ हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। गुरुवार की सुबह सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिवसीय अनुष्ठान का समापन हो गया। इससे पूर्व छठ व्रतियों ने शुक्रवार की शाम अस्ताचल गामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया।
बेनीपुर : सांध्यकालीन अर्घ्य देने के बाद क्षेत्र के कई घाटों पर देर रात तक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वहीं छठी मइया के गीत से वातावरण गूंजता रहा। फिर छठ व्रतियों ने शनिवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। विभिन्न घाटों पर अर्घ्य देने के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ नमन करने को जुटी थी। क्षेत्र के बसुहाम, चौगामा, महिनाम, नवादा, हावीभौआर, मझौड़ा, डखराम, बलनी, रमौली, अन्दौली, नवानगर, नरमा, श्यामपुर, मोतीपुर गांवों में घाटों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। जिन लोगों का मन्नतें पूरी हो गई थी, उनके द्वारा घाटों पर गाजे-बाजे के साथ नाच भी करवाया गया। वहीं लोगों ने घाटों पर जेनरेटर के माध्यम से रोशनी की व्यवस्था की थी। दोनों समय कई श्रद्धालु अपने-अपने घरों से दंड प्रणाम करते हुए घाट तक पहुंचे। फिर पानी में खड़े होकर भगवान भास्कर को नमन किया। गुरुवार को व्रतियों द्वारा अर्घ्य देने के बाद जब लोग घर लौटे तो उसके बाद प्रसाद पकवान, केला, टिकरी, मिठाइयां एवं फल ग्रहण किया।
बिरौल : आस्था के महापर्व छठ का समापन गुरुवार को हो गया। श्रद्धालु घाटों पर आस्था व श्रद्धा के साथ जमे थे। बुधवार की देर शाम तथा गुरुवार की अहले सुबह से ही लोगों की भीड़ घाटों पर थी। एसडीओ शैलेंद्र कुमार भारती ने कई घाटों का मुआयना किया। सुपौल के जिरात सल्हेश घाट, चुन्नी मुन्नी पोखर, रामनगर घाट, खेवा टोल, खोन टोल सहित प्रखंड के कई घाटों पर पुलिस की निगरानी चल रही थी।
कुशेश्वरस्थान : चार दिवसीय आस्था का महापर्व छठ को संपन्न हो गया। अहले सुबह व्रतियों ने भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया। हरौली घाट में कमला नदी के बीच धार में वैदिक मंत्रोचारण के बीच सूर्य देव की प्रतिमा स्थापित की गई।
------