स्कूलों में लगे 171 समरसेबुल से नहीं निकल रहा पानी
दरभंगा सदर, संस : सदर प्रखंड के 171 प्राथमिक व उत्क्रमित मध्य विद्यालयों में गाड़े गए समरसेबुल ने पानी उगलना बंद कर दिया है। परिणामस्वरूप इन विद्यालयों में पेयजल संकट गहराने लगा है। साथ ही समरसेबुल की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के मुताबिक, वर्ष 2013 में सदर प्रखंड के 171 प्राथमिक व मध्य विद्यालयों में पेयजल संकट से निपटने के लिए समरसेबुल चापाकल गाड़े गए थे। एक की कीमत तकरीबन 80 हजार रुपये है। कई स्कूलों के प्रधानाध्यापकों ने बताया कि जब से चापाकल गाड़ा गया तब से पानी नहीं निकल रहा है। एचएम ने इसकी शिकायत जिला शिक्षा पदाधिकारी से की। उन्होंने बीइओ देव शरण राउत से इस संबंध में रिपोर्ट मांगी। उन्होंने बताया कि गाड़े गए सभी समरसेबुल चापाकल खराब हैं। इन स्कूलों में पेयजल संकट गहरा गया है। रिपोर्ट डीइओ को सौंप दी गई है। इस कारण सदर प्रखंड के रानीपुर, अतिहर, बासुदेवपुर, कंसी, खुटवाड़ा, बलहा, लोआम, मुरिया आदि पंचायतों में अवस्थित विद्यालयों के बच्चों को स्वच्छ जल नहीं मिल रहा है।
पीएचइडी के कार्यपालक अभियंता ने बताया कि उन्हें भी ऐसी जानकारी मिली है। लेकिन, शिक्षा विभाग से इस संबंध में कोई रिपोर्ट नहीं मिली है। रिपोर्ट आएगी तो जांचोपरांत कार्रवाई होगी।