चक्की में युवती से दुष्कर्म, प्राथमिकी दर्ज
चक्की (बक्सर) : स्थानीय क्षेत्र के रंगीडेरा गांव में एक लड़की के साथ बलात्कार का मामला प्रकाश में आया
चक्की (बक्सर) : स्थानीय क्षेत्र के रंगीडेरा गांव में एक लड़की के साथ बलात्कार का मामला प्रकाश में आया है। घटना को लेकर दो युवको को आरोपी बनाते हुए स्थानीय ओपी एवं महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार गीता कुमारी उर्फ छोटकी गुरुवार की देर शाम खेत में गयी हुई थी। इसी बीच पड़ोस के ही दो युवक धर्मेन्द्र यादव और श्रवण यादव ने मिलकर घटना को अंजाम दिया। ओपी प्रभारी हृदयानन्द ने बताया कि घटना के बाद पीड़ित युवती परिजनों के साथ करीब नौ बजे रात्रि में ओपी आयी। जिसने मारपीट के बाद छेड़खानी का आरोप लगाया। उसके चेहरे व घुटने पर जख्म के निशान स्पष्ट दिखायी दे रहे थे। प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस तत्काल युवको को गिरफ्तार करने पहुंची। लेकिन, दोनों युवको के घर के बाहर ताला झूलता देख पुलिस को खाली हाथ लौटना पड़ा। पीड़िता के परिजनों से जानकारी मिली कि पीड़िता दुष्कर्म का मामला दर्ज कराने के लिए जिला मुख्यालय स्थित महिला थाना गयी है। रात के एफआईआर में दुष्कर्म की बात नहीं होने का कारण पूछे जाने पर उन लोगों ने बताया कि आरोपियों द्वारा परिवार सहित जान से मारने की धमकी दी गई थी। जिसके डर से नहीं बता पाये। लेकिन, बहुत हिम्मत जुटाकर न्याय पाने के लिए महिला थाने मे गुहार लगायी गई है। इधर ओपी प्रभारी ने बताया कि किसी भी हाल में आरोपियो को बख्शा नहीं जायेगा। यथाशीघ्र गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापामारी जारी है।