22 से 5 शिक्षा विभाग की सभी छुट्टियां रद : डीएम
जागरण संवाददाता, बक्सर : 22 दिसंबर से 5 जनवरी के बीच सभी स्कूलों में छात्रवृत्ति व पोशाक, साइकिल आदि
जागरण संवाददाता, बक्सर : 22 दिसंबर से 5 जनवरी के बीच सभी स्कूलों में छात्रवृत्ति व पोशाक, साइकिल आदि की राशि का वितरण किया जायेगा। इसको लेकर शिक्षा विभाग के सभी अधिकारी, शिक्षक व कर्मचारियों की छुट्टियां रद कर दी गयी हैं। इस बीच ये लोग सीएल भी नहीं ले सकते हैं। बुधवार को समाहरणालय में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए यह बातें जिलाधिकारी रमण कुमार ने कही।
डीएम ने बताया कि 75 प्रतिशत की उपस्थिति के आधार पर ही राशि का वितरण होगा। इसके लिए सभी तरह की तैयारियां की गयी हैं। सभी हेडमास्टरों को निर्देशित कर दिया गया है कि वे पहले से ही लाभार्थियों की सूची प्रकाशित कर दें। इसके लिए हर पंचायत में एक-एक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गयी है। जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में राशि वितरण कार्य की वीडियोग्राफी भी करायी जायेगी। ताकि, उसमें पारदर्शिता बरकरार रहे। इस दरम्यान अगर कहीं कोई विवाद उत्पन्न होता है तो जिस स्तर से विवाद होगा, संबंधित पदाधिकारी पर कार्रवाई होगी। इसके लिए शिक्षक से लेकर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी व संबंधित थाना को भी जवाबदेह बनाया गया है। प्रखंडों के वरीय पदाधिकारियों को भी इसकी मानीटरिंग की जिम्मेवारी दी गयी है। संवाददाता सम्मेलन में डीएम के अलावा जिला सूचना व जनसंपर्क पदाधिकारी कुमारी अनुपम सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी सच्चिदानंद प्रसाद, डीएसओ समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।
एसडीओ-एसडीपीओ को विधि व्यवस्था की कमान
जिलाधिकारी ने बताया कि राशि वितरण के दरम्यान बीईओ, बीडीओ व थानाध्यक्ष पर तो विधि व्यवस्था की जवाबदेही रहेगी ही, एसडीओ व एसडीपीओ पर इसकी पूरी जवाबदेही रहेगी। इसको लेकर सभी थानों को अलर्ट कर दिया गया है। जिलाधिकारी ने बताया कि राशि वितरण कार्यक्रम को लेकर प्रशासन व पुलिस का संयुक्त आदेश भी जारी हो गया है।
धान खरीद को 107 पैक्स चयनित
किसानों को अपने धान की बिक्री मुख्य रूप से पैक्सों को करनी है। इसके लिए जिले में 107 पैक्सों का चयन किया गया है। हालांकि, किसान चाहें तो अपनी सुविधा के अनुसार सीधे क्रय केन्द्र पर भी धान की बिक्री कर सकते हैं।
इस माह दो माह का मिलेगा खाद्यान्न
जिलाधिकारी ने बताया कि जन वितरण प्रणाली के माध्यम से मिलने वाला खाद्यान्न इस माह दो महीने का मिलेगा। इसके तहत नवंबर व दिसंबर का अनाज दिया जायेगा। इसके लिए रोस्टर तैयार कर लिया गया है तथा विस्तृत कार्ययोजना पर काम चल रहा है।
विश्वामित्र महोत्सव 28 व 29 को
जिलाधिकारी के मुताबिक विश्वामित्र महोत्सव का आयोजन इस बार 28 व 29 दिसंबर को किया जायेगा। इसको लेकर तैयारियां चल रही हैं। उन्होंने बताया कि विश्वामित्र महोत्सव में कई तरह के आयोजन किये जाने हैं। इसके लिए राशि की भी डिमांड की गयी है।
संवेदनशील मुद्दों पर सतर्कता की जरूरत
जिलाधिकारी श्री कुमार ने संवेदनशील मुद्दों पर नागरिकों से धैर्य के साथ सर्तकता बरतने की अपील की है। उन्होंने धर्मान्तरण का उल्लेख तो नहीं किया लेकिन कहा कि इस समय बहुत सतर्क होकर रहने की आवश्यकता है। कतई भ्रम में पड़ने की जरूरत नहीं है।
20 से होगी खाद्यान्न वितरण की शुरुआत
पंचायतवार अधिकारियों की उपस्थिति में खाद्यान्न का वितरण किया जायेगा। इसकी शुरूआत 20 से चौसा प्रखंड से की जायेगी। इसके बाद 22 को चक्की, डुमरांव ग्रामीण व डुमरांव शहरी क्षेत्र में खाद्यान्न का वितरण होगा। जबकि, 24 को बक्सर शहर, ग्रामीण व नावानगर प्रखंड, 26 को इटाढ़ी और ब्रह्मापुर, 28 को राजपुर व चौंगाई तथा 30 को सिमरी प्रखंड में खाद्यान्न का वितरण किया जायेगा।
नमी के कारण नहीं हो रही धान की खरीद
जिले में क्रय केन्द्रों के खुल जाने के बाद भी अभी तक एक छंटाक भी धान की खरीद नहीं होने के सवाल पर जिलाधिकारी ने कहा कि इसके लिए कोई जिम्मेवार नहीं है। उन्होंने बताया कि 17 प्रतिशत से अधिक नमी नहीं हो वैसे धान की ही खरीद करनी है। जबकि, अभी तक किसानों के पास जो धान मिल रहे हैं उसमें 22 प्रतिशत तक नमी मिल रही है। ऐसे में इसकी खरीदारी में विलंब हो रहा है। वैसे इसको लेकर हर तरह की तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं।