कैदियों ने मचाया उत्पात, बजी पगली घंटी
जागरण संवाददाता, बक्सर : कानून व्यवस्था को ले केन्द्रीय कारा में प्रशासनिक दबिश से आक्रोशित कैदियों ने मंगलवार की सुबह उत्पात शुरू कर दिया। रोकने पर वे लोग जेल के सुरक्षा कर्मियों से भिड़ गये। हालात बेकाबू होते देख जेल प्रशासन ने पगली घंटी बजा कैदियों को काबू में किया। बाद में दल-बल के साथ जेल में पहुंचे अनुमंडलाधिकारी अवधेश आनंद व डीएसपी सुनील कुमार ने कैदियों को समझा-बुझा कर शांत किया।
बताया जाता है कि जेल में बंद कुछ कुख्यात कैदियों द्वारा अपने गुर्गो की सहायता से बाहर दहशत का माहौल पैदा करने के प्रयासों की जानकारी पुलिस को मिली थी। इसके बाद दो दिन पूर्व जिलाधिकारी रमण कुमार व आरक्षी अधीक्षक जयंत कांत कुछ तेज तर्रार पुलिस पदाधिकारियों के साथ खुद जेल में गये थे और पूरे मामले की छानबीन की थी। कुछ कैदी इस दौरान कुछ कुख्यातों की जमकर कुटाई का आरोप लगा रहे हैं। जेल सूत्रों के अनुसार इसी को लेकर कुख्यात कैदियों को भड़का रहे हैं। इसे लेकर कुछ कैदी सोमवार से अनशन पर भी थे। जानकारी के अनुसार सुबह लगभग दस बजे अनशन कारी कैदियों व कारा प्रशासन के बीच झड़प शुरू हो गयी। स्थिति को बेकाबू होते देख कारा प्रशासन ने पगली घंटी बजायी और इस घटना की सूचना जिला प्रशासन को दी। जिलधिकारी के निर्देश पर आनन फानन में मौके पर एसडीओ व डीएसपी दल-बल के साथ पहुंचे। उन लोगों ने कैदियों को अनशन समाप्त करने के लिए राजी किया। इसके बाद वहां की स्थिति सामान्य हुई। बताते चलें कि हत्याकांड में उम्रकैद की सजा काट रहे चंदन मिश्रा व विचाराधीन कुख्यात शेरू सिंह को हाल ही में भागलपुर केंद्रीय कारा से यहां स्थानांतरित किया गया है। इधर, एसडीओ श्री आनंद ने बताया कि ईद के दौरान कानून व्यवस्था को ले जेल में रूटीन जांच हुई थी। उसी से कुछ कैदी नाराज थे, जिन्हें समझा कर मामले को शांत कर दिया गया है। उनके मुताबिक अब जेल परिसर की स्थिति सामान्य है।