शहर की 12 शराब दुकानें नहीं हुई बंदोबस्त
जागरण संवाददाता, बक्सर : जिला मुख्यालय की 12 शराब दुकानों की बंदोबस्ती इस वर्ष नहीं हुई है। चार ग्रुप में बंटी 4 विदेशी और 8 देशी दुकानों के लिए किसी ने आवेदन नहीं किया। हालांकि, इन दुकानों को दुबारा बंदोबस्त करने के लिए उत्पाद विभाग हाथ-पाव मार रहा है। लेकिन, शराब कारोबार में प्रशासन पर बेजा दखलंदाजी का आरोप लगाते हुए बंदोबस्ती में दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं।
उत्पाद अधीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि जल्द ही इन दुकानों की बंदोबस्ती हो जाएगी। इसके लिए जिलाधिकारी से अनुमति लेकर दुबारा टेंडर निकाला जाएगा। उन्होंने बताया कि शहर के चार ग्रुप हैं। जिनमें एक विदेशी और तीन देशी दुकानें शामिल हैं। इन बारह दुकानों के बंद रहने से विभाग को प्रति माह दस लाख रुपये राजस्व का नुकसान संभावित है। वैसे अभी पांच दिन पहले ही जिले के बार खुले हैं। उनके लाइसेंस का नवीनीकरण भी चुनावी लफड़े के कारण लटका हुआ था। उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि जिले में कुल 10 बार हैं। जिनमें से 9 ने चलान द्वारा नवीनीकरण शुल्क जमा किया था। जिनके बार खुल गए हैं।