भूमि विवाद में हिंसक झड़प, आठ घायल
आरा,जागरण संवाददाता: चरपोखरी थाना क्षेत्र अन्तर्गत करनौल चांदी गांव में बुधवार की शाम भूमि विवाद को लेकर दो गुटों के बीच हुए हिंसक संघर्ष में करीब आठ लोग घायल हो गये। गंभीर रूप से जख्मी चार लोगों को इलाज हेतु सदर अस्पताल में दाखिल कराया गया है। घटना को लेकर चरपोखरी थाने में प्राथमिकी भी दर्ज करायी गई है। जिसके आधार पर पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार चरपोखरी थाना क्षेत्र अन्तर्गत करनौल चांदी गांव में जमीन के चंद टुकड़े को लेकर दो गुटों के बीच पहले से तनातनी चली आ रही थी। इस बीच बुधवार की शाम विवाद ने तूल पकड़ लिया। फिर क्या था देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गये। जिसमें एक पक्ष के आधा दर्जन लोगों की बेरहमी से पिटाई कर दी गयी। घायलों में सुधीर सिंह (35), उनके भाई मनोज सिंह (32), पुत्र सोनू सिंह (17),सन्नी सिंह (16), पुत्री प्रीति कुमारी (14) तथा पत्नी गुड़िया देवी (30) शामिल है। बाद में सभी को इलाज हेतु सदर अस्पताल लाया गया। इनमें चार को भर्ती कराया गया है। सुधीर का परिवार दिल्ली में रहता है और घटना के एक दिन पूर्व अपने गांव आया था। हिंसक झड़प की इस घटना में दूसरे पक्ष के भी दो-तीन लोगों को चोटे आने की सूचना है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है। समाचार लिखे जाने तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर