प्रखंडों में भी पूरी आस्था व श्रद्धा के साथ मना छठ पर्व
जागरण टीम ,सहार/संदेश/चरपोखरी/कोईलवर: विभिन्न प्रखंडों में लोक आस्था का पर्व छठ बुधवार को संपन्न हुआ। सहार (भोजपुर) से एक प्रतिनिधि के अनुसार, उदीयमान भगवान भाष्कर को अर्घ्य के साथ छठ संपन्न हुआ। प्रखंड के विभिन्न गांवों में सोन नदी, नहर, आहर व पोखर के घाटों पर उल्लास एवं आस्था के साथ छठ किया गया। वहीं स्वयंसेवकों द्वारा पीने का पानी, प्राथमिक उपचार व व्रतियों की हरेक सुविधाओं पर चौकस व्यवस्था दिखायी पड़ी। संदेश (भोजपुर) से एक प्रतिनिधि के अनुसार, संदेश व अजीमाबाद क्षेत्र के सोन नद व कुम्हारी नदी के घाटों पर छठ व्रतियों द्वारा उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर पारण के पश्चात छठ संपन्न हुआ। मंगलवार को छठव्रतियों द्वारा अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया गया। चरपोखरी (भोजपुर) से एक प्रतिनिधि के अनुसार चरपोखरी प्रखंड के पसौर, चरपोखरी, मलौर, बरनी सहित विभिन्न स्थानों के घाटों पर व्रत धारियों द्वारा भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया गया। इस दौरान सूर्य मंदिरों में भक्तों द्वारा अपनी मुराद पूरी होने पर उत्साहित भक्त बैण्ड बाजा के साथ छठ घाटों पर जाकर पूजा-अर्चना की। कोइलवर (भोजपुर) से एक प्रतिनिधि के अनुसार, सोन नद के अलावे प्रखंड के विभिन्न तालाबों के घाट पर व्रतियों ने उगते सूर्य भगवान को अर्घ्य दिया। साथ ही पारण किया। छठ को लेकर विभिन्न मुहल्ले के उत्साही युवकों द्वारा छठ मार्ग को सजाया गया था। छठ को लेकर सोन नद व विभिन्न घाटों पर काफी भीड़ देखी गयी।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर