आरा में पुलिस बल को बम से उड़ाने की साजिश नाकाम
एमसीसी (प्रतिबंधित माओवादी कम्युनिस्ट सेंटर) के हार्डकोर नक्सली विधानसभा चुनाव के दौरान लैंडमाइंस लगाकर पुलिस जीप को उड़ाने की साजिश रचने वाले थे। आरा में रमना मैदान के पास नक्सली सोनाधारी यादव की गिरफ्तारी के बाद नक्सलियों की यह साजिश नाकाम हो गई।
भोजपुर। एमसीसी (प्रतिबंधित माओवादी कम्युनिस्ट सेंटर) के हार्डकोर नक्सली विधानसभा चुनाव के दौरान लैंडमाइंस लगाकर पुलिस जीप को उड़ाने की साजिश रचने वाले थे। आरा में रमना मैदान के पास नक्सली सोनाधारी यादव की गिरफ्तारी के बाद नक्सलियों की यह साजिश नाकाम हो गई।
पुलिस ने दो सिलेंडर बम, छह केन बम, छह डेटोनेटर और एक बंडल तार की बरामदगी की है। यह सफलता रोहतास पुलिस तथा एसटीएफ की संयुक्त छापेमारी में मिली।
नासरीगंज बाजार से पकड़े गए हार्डकोर नक्सली छेदी पासवान की निशानदेही पर सोनाधारी यादव को गिरफ्तार किया गया। उसने पुलिस को बताया कि भोजपुर जिले में कई जगह लैंड माइंस लगाकर चुनाव में गड़बड़ी फैलाने और पुलिस बल से भरे वाहनों को उड़ाने की योजना थी।
एसपी नवीन चंद्र झा के निर्देश पर ऑपरेशन बम सर्च अभियान के तहत पुलिस ने अजीमाबाद थाना क्षेत्र के नूरपुर गांव से रामबाबू चौधरी को गिरफ्तार किया गया। रामबाबू ने बताया कि सोन नदी के किनारे एक गड्ढे में बम छिपाए गए हैं। पुलिस ने दो सिलेंडर बम, छह केन बम, छह डेटोनेटर व एक बंडल तार बरामद किया।
एसपी ने बताया कि तीनों नक्सली किसान क्रांतिकारी कमेटी के नाम से अपना संगठन चलाते हैं।