बकरी चराने से मना करने पर युवक की पीटकर हत्या
जागरण संवाददाता,आरा: सहार थाना क्षेत्र अन्तर्गत हनुमान छपरा टोला (एकवारी)गांव में शनिवार को महज खेत
जागरण संवाददाता,आरा: सहार थाना क्षेत्र अन्तर्गत हनुमान छपरा टोला (एकवारी)गांव में शनिवार को महज खेत में बकरी चराने से मना करने पर एक युवक की लाठी-डंडा से पीटकर हत्या कर दी गयी। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर सात नामजद आरोपियों को धर दबोचा। इसे लेकर सत्येन्द्र राम के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। मृतक कविन्द्र राम (28)हनुमान छपरा टोला (एकवारी) गांव निवासी जानकी राम का पुत्र बताया जाता है। सहार थाना प्रभारी जन्मेजय राय ने बताया कि मृतक कविन्द्र राम के खेत में बकरी पड़ी हुई थी। जिसका विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडा से मारकर उसकी हत्या कर दी। बाद में सूचना मिलने पर सहार थाना की पुलिस ने वहां पहुंच सातों नामजद आरोपियों सुरेन्द्र राम, संपू राम, दशई राम, छठु राम, श्रीभगवान राम, अर्जुन राम व श्रवण राम को धर दबोचा। पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इधर भाजपा के प्रदेश नेता घनश्याम राय तथा जिला पार्षद मीना कुमारी ने हत्या की निंदा की है।