कटाव रोधी कार्य का निरीक्षण
संवाद सूत्र, बड़हरा : प्रखंड क्षेत्र को गंगा कटाव से बचाने को ले पीपरपांती से केवटिया गंगा घाट पर नव
संवाद सूत्र, बड़हरा : प्रखंड क्षेत्र को गंगा कटाव से बचाने को ले पीपरपांती से केवटिया गंगा घाट पर नव निर्मित कटावरोधी ठोकर कार्य का भौतिक निरीक्षण बिहार सरकार नागरिक परिषद के महासचिव भाई ब्रह्मोश्वर ने शनिवार को किया। कटावरोधी कार्य में भारी तकनीकी गड़बड़ी को देख भाई ब्रह्मेश्वर ने निर्माण एजेंसी व बाढ़ नियंत्रण बोर्ड के प्रति गहरी नाराजगी व्यक्त की। तत्काल फोन से ही बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता सुरेश सिंह से बात कर निर्माण कार्य में बरती गयी कई प्रकार की कमियों की जानकारी दी। साथ ही भाई ब्रह्मोश्वर ने विभाग की लापरवाही के खिलाफ बिहार सरकार को भी लिखे जाने व जांच कराकर कार्रवाई तक पहुंचाने की चेतावनी भी दी। उन्होने कहा कि निर्माण में काफी गैप, बोरियों में बालू की जगह मिट्टी भराई, तार की जाली का नहीं होना जैसे कई खामियां पाई गई। विभाग इसी प्रकार हर वर्ष घटिया कार्य कराकर सरकारी राशि का बंदर बाट कराती है। जिससे करोड़ों अरबों का चूना तो लगता ही है। बाढ़ आने पर कटावरोधी ध्वस्त होने लगता है। निरीक्षण के दौरान जदयू प्रखंड अध्यक्ष छोटक उपाध्याय, जगदीश चौधरी, नागेन्द्र सिंह, देवकांत सिंह, मो. रहमत अली, मनोज सिंह, विनय सरपंच, गायक अनमोल, कृष्णागढ़ थाना स.अ.नि. राजदेव प्रसाद आदि लोग मौजूद थे।