भोजपुरी भाषा के विकास को ले सब लोग आगे आयें
जागरण संवाददाता, आरा : भिखारी ठाकुर सामाजिक शोध संस्थान के बैनर तले स्थानीय पटेल बस पड़ाव में दो दिवस
जागरण संवाददाता, आरा : भिखारी ठाकुर सामाजिक शोध संस्थान के बैनर तले स्थानीय पटेल बस पड़ाव में दो दिवसीय भिखारी ठाकुर जयंती, सम्मान समारोह सह भोजपुरी सम्मेलन-2014 आयोजित किया गया। आयोजन के दूसरे दिन कार्यक्रम का उद्घाटन श्रम संसाधन विभाग के सचिव संजय कुमार, भोजपुरी अकादमी के अध्यक्ष डा.चन्द्रभूषण राय, अखिल विश्व भोजपुरी समाज मंच के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष बी.एन.तिवारी उर्फ भाई जी भोजपुरिया, बिहार राज्य नागरिक परिषद के महासचिव भाई ब्रह्मामेश्वर समेत अन्य ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर किया। इस अवसर पर संजय कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि भोजपुरी फिल्मों की अश्लीलता के कारण भोजपुरी भाषा के विकास पर असर पड़ रहा है। भोजपुरी फिल्मों के नामकरण के फुहड़पन से सभ्य समाज को शर्म आ रही है। उन्होंने कहा कि भोजपुरी भाषा के विकास के लिए अच्छे-अच्छे साहित्यकारों, लेखकों, निर्देशकों को आगे आना होगा। भोजपुरी भाषा में भी अखबार निकलना चाहिए। भोजपुरी अकादमी के अध्यक्ष ने कहा कि अकादमी का उद्देश्य है भोजपुरी को समृद्ध बनाना, जिसके लिए मै प्रयासरत हूं। समाज को भी आगे आना होगा। बी.एन.तिवारी उर्फ भाई जी भोजपुरिया ने अपने संबोधन में मारीशस से लेकर बिहार, झारखण्ड आदि क्षेत्रों में भोजपुरी की मजबूती व उसके बढ़ते कदम पर विस्तृत चर्चा की। भाई ब्रह्मोश्वर ने भोजपुरी के उत्थान के लिए कई सुझाव दिये। अन्य वक्ताओं में जयकांत सिंह, डा.आशा ओझा(भागलपुर), पदमा सिंह(झूमरी तिलैया), रवीन्द्र मोहन त्रिपाठी(गोरखपुर), सत्यनारायण मिश्र 'सतन'(गोरखपुर), धर्मदेव सिंह आतुर(देवरिया), विश्वनाथ शर्मा(छपरा), रविन्द्र शाहाबादी(भोजपुरी विभाग, वीकेएसयू), विनय सिंह(रांची), बनवारी राम, प्रो.किरण कुमारी, डा.अरविन्द राय, विरेन्द्र जी आदि थे। कार्यक्रम में 10 सूत्री प्रस्ताव पारित किया गया। दुखन पासवान समेत अन्य ने गीत प्रस्तुत किया। आयोजन में 'प्राथमिक शिक्षा में भोजपुरी भाषा के महत्व' विषय पर एक भाषण प्रतियोगिता हुई। इसका संचालन डा.योगेन्द्र सिंह ने किया। इसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्रों ने भाग लिया। इसमें प्रथम स्थान हिमांशु प्रसाद(टाउन स्कूल, आरा), द्वितीय स्थान अमन कुमार(उच्च विद्यालय, कड़ारी) और तृतीय स्थान आयुष राज(जैन स्कूल) को प्रदान किया गया। सांत्वना पुरस्कार चंदन कुमार गुप्ता(उच्च विद्यालय, कसाप), रोहित कुमार(यादव विद्यापीठ, आरा)समेत अन्य को प्रदान किया गया। निर्णायक मंडल में प्रेम कुमार चौबे, डा.नथुनी पांडेय और रवि कुमार थे। मंच संचालन डा.दिवाकर पांडेय, अध्यक्षता साहित्यकार डा.के.डी.सिंह, आगत अतिथियों का स्वागत पत्रकार नरेन्द्र सिंह और धन्यवाद ज्ञापन लॉ कालेज के प्राचार्य डा.शेखर कुमार ने किया। इस अवसर पर ई.एन.के.सिंह, अधिवक्ता देव बल्लभ सिंह, कमलेश पांडेय, कवि नंद किशोर कमल, हीरा ठाकुर, राजकुमार, अमरेश सिंह आदि उपस्थित थे।