सरैयां में दिख रही चलती-फिरती प्रतिमा
संवाद सूत्र सरैयां (भोजपुर) : दशहरा पर्व को लेकर गांव के चट्टी-बाजारों पर भी काफी उत्साह देखा जा रहा
संवाद सूत्र सरैयां (भोजपुर) : दशहरा पर्व को लेकर गांव के चट्टी-बाजारों पर भी काफी उत्साह देखा जा रहा है। आरा प्रखंड के धोबहां बाजार व बड़हरा प्रखंड के सरैयां बाजार पर बुधवार को मां दुर्गा का पट खुलते ही भक्त दर्शन को उमड़ पड़े। सरैयां बाजार पर दिल्ली के इंडिया गेट की आकृति का पंडाल काफी आकर्षण का केन्द्र बना हुआ है। यहां श्रद्धालुओं को पंडाल के अंदर स्वचालित प्रतिमाओं का दर्शन भी हो रहा है। जिसमें मां दुर्गा द्वारा राक्षस का संहार करते हुए दिखाया गया है। सामूहिक दुर्गापूजा समिति, सरैयां के अध्यक्ष पलटन राज तथा सामाजिक कार्यकर्ता पिंटू प्रसाद ने बताया कि यह पहला अवसर है जब सरैयां बाजार पर श्रद्धालुओं को स्वचालित प्रतिमाओं का दर्शन करने को मिल रहा है। इसके लिए अत्याधुनिक यंत्र का प्रयोग किया गया है। महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतार की व्यवस्था की गई है। जिससे कि किसी तरह की परेशानी नहीं हो सके। इसके अलावा पूरे पंडाल को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है।