शहर की चारों तरफ रिंग रोड
जागरण संवाददाता,आरा : आरा शहर की चारों दिशाओं में सड़कों का जाल (रिंग रोड) विकसित करने का नक्शा राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने प्रस्तावित कर लिया है। नेशनल हाइवे अथारिटी ने प्रस्तावित खाका के माध्यम से शहर को जाम से मुक्ति दिलाने का खाका तैयार किया है। आरा शहर की बनावट के साथ उसके सामाजिक, आर्थिक ढांचे में सुधार करने की सांसद आरके सिंह कोशिशें रंग लाई। सांसद की पहल पर शहर की चारों तरफ सड़कें बनाने के लिए भूमि अधिग्रहण का काम पूरा कर लिया गया है। इसके लिए वन विभाग से एनओसी भी प्राप्त कर लिया गया है। टेंडर की प्रक्रिया शीघ्र होने वाली है। रिंग रोड को हरी झंडी मिलने से शहर की विकास की संभावनाएं काफी बढ़ गयी है। रिंग रोड बनाने के लिए स्वीकृत नक्शा में पटना-मुगलसराय रेल मार्ग पर दो नये जगहों पर फ्लाई ओवर पुल (रेलवे क्रासिंग) का नक्शा भी स्वीकृत किया गया है।