हिन्दी भाषा के उपयोग पर दिया बल
संवाद सूत्र, बड़हरा : प्रखंड के रामचन्द्र सिंह प्लस टू उच्च विद्यालय के प्रांगण में हिन्दी दिवस सप्ताह के अवसर पर समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बोलते हुए प्रधानाचार्य रामेश्वर प्रसाद ने शिक्षकों व छात्र-छात्राओं को पठन-पाठन व आम बोलचाल में ज्यादा से ज्यादा हिन्दी भाषा के उपयोग पर बल देने की अपील की। वहीं छात्र रोहित कुमार सिंह ने कहा कि हिन्दी हमारे देश की पहचान है। इसके उपयोग को हर हिन्दुस्तानी को अपना सौभाग्य व स्वाभिमान मानना चाहिए। इस अवसर पर शिक्षकों में अनिल कुमार, रवीन्द्र कुमार चौधरी, वाचस्थति मिश्रा सहित कई लोगों ने अपने वक्तव्य दिये। वहीं उत्क्रमित मध्य विद्यालय पड़रिया के प्रांगण में भी हिन्दी दिवस के मौके पर कई कार्यक्रम आयोजित कर हिन्दी भाषा की उपयोगिता पर जोर दिया। प्रधानाध्यापक उमाकांत जी ने कहा कि पठन-पाठन, कार्यालय कार्य, मौखिक जांच परीक्षा व बोल-चाल में शुद्ध हिन्दी के साथ अंग्रेजी जैसे शब्दों को शामिल करना गर्व महसूस किया जाता है। भारत के गौरव को बनाने को ले अधिकाधिक हिन्दी के उपयोग पर ध्यान देना हमारा धर्म होना चाहिए। इस अवसर पर अश्रि्वनी कुमार सिंह, राणा शक्ति, विजय कुमार सिंह, रचना कुमारी, मुन्नी कुमारी, सुनिता कुमारी आदि शिक्षक थे।