पति की हत्या को लेकर किया मुकदमा
जागरण संवाददाता,आरा : पीरो थाना के बरौली गांव निवासी अनोज सिंह उर्फ बबलू सिंह की मौत के मामले में अब एक नया मोड़ आ गया है। इसे लेकर मृतक की विधवा चंदा सिंह ने स्थानीय मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के यहां हत्या का एक मुकदमा दायर किया है। जिसमें संपत्ति विवाद को लेकर हत्या कर साक्ष्य को मिटाने का आरोप लगाया गया है। दायर मुकदमा में नीरज सिंह, मिंटू सिंह, चन्द्रशेखर सिंह, विंध्याचल सिंह, रूची देवी तथा विजय सिंह समेत छह को अभियुक्त बनाया गया है। आपको बताते चलें कि बरौली गांव निवासी स्व. अनोज सिंह उर्फ बबलू सिंह का परिवार आरा नवादा थाना क्षेत्र के करमन टोला मुहल्ला में रहता है। सात जुलाई को बबलू सिंह की मौत हो गयी थी। मृतक की विधवा ने दायर मुकदमा में आरोप लगाया है कि संपत्ति में हिस्सा को लेकर हमेशा झंझट होते रहता था। पत्नी को छोड़ने के लिए भी दबाव बनाया जा रहा था। घटना के दिन पीरो का जमीन बेचने के बहाने षड्यंत्र के तहत उसके पति को घर बुलाकर ले जाया गया था। इसी दौरान यह घटना घटित हुई थी। इसके बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को ठिकाने भी लगा दिया गया था। बाद में मामला प्रकाश में आने पर मृतक की विधवा द्वारा कोर्ट में एक मुकदमा दायर किया गया है। हालांकि दूसरी ओर आरोपी पक्ष ने हत्या के इस मामले को पूरी तरह बेबुनियाद बताया है।