भागलपुर में आधा दर्जन किसानों ने किया आत्मदाह का प्रयास
कर्ज में डूबे रहने व आंधी-बारिश से फसलों के बर्बाद होने से परेशान रन्नूचक मकंदपुर के आधा दर्जन किसानों ने मंगलवार को खुद पर केरोसिन उड़ेलकर आत्मदाह की कोशिश की।
भागलपुर। कर्ज में डूबे रहने व आंधी-बारिश से फसलों के बर्बाद होने से परेशान रन्नूचक मकंदपुर के आधा दर्जन किसानों ने मंगलवार को खुद पर केरोसिन उड़ेलकर आत्मदाह की कोशिश की। हालांकि पुलिस व स्थानीय लोगों की सक्रियता से हादसा टल गया।
किसानों ने आत्मदाह करने की सूचना पूर्व में ही दे रखी थी। इस कारण जिला प्रशासन काफी सक्रिय था। घटनास्थल से थोड़ी दूरी पर बैंक के पास एम्बुलेंस, दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती कर दी गई थी। बावजूद इसके किसानों की टोली प्रशासन के सुरक्षा घेरे को तोड़ बैंक के समक्ष जुटी और आत्मदाह की कोशिश की। देखते ही देखते किसान मदन कुमार राय, अभिमन्यु राय, अशोक कुमार राय, संपत्ति देवी, सरिता देवी ने अपने शरीर पर केरोसिन उड़ेल लिया। पुलिस ने किसानों के हाथ से तेल का डिब्बा छीनने का प्रयास किया तो वे और उग्र हो गए। स्थिति अनियंत्रित होते देख ललमटिया, नाथनगर, मधुसूदनपुर थाना की पुलिस को बुलाना पड़ा। किसान आत्मदाह तो नहीं कर सके लेकिन लगभग दो घंटे तक उनका प्रदर्शन जारी रहा।