गंगा खतरे के निशान से 68 सेमी उपर, हाई अलर्ट
जागरण प्रतिनिधि, भागलपुर : गंगा नदी खतरे के निशान से 68 सेंटीमीटर उपर बह रहा है। प्रतिघंट
जागरण प्रतिनिधि, भागलपुर : गंगा नदी खतरे के निशान से 68 सेंटीमीटर उपर बह रहा है। प्रतिघंटे डेढ़ सेंटीमीटर की रफ्तार से पानी बढ़ रहा है। शाम चार बजे तक गंगा खतरे के निशान से 61 सेंटीमीटर उपर था। वहीं शुक्रवार को नदी का जलस्तर खतरे के निशान 33.68 से 39 सेंटीमीटर ऊपर था। लगातार जलस्तर बढ़ने के कारण जिला प्रशासन गंगा किनारे बसे लोगों के लिए हाईअलर्ट जारी किया है। निचले इलाके के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कहा गया है। नदी की धारा तेज होने के कारण जिला प्रशासन ने गंगा नदी में नौका परिचालन पर रोक लगा दी है। नवगछिया अनुमंडल, सुल्तानगंज, सबौर व नाथनगर अंचल में राहत व बचाव के लिए आवश्यक उपकरण के साथ एसडीआरएफ की टीम को तैनात कर दिया गया है। सबौर के आगे खनकित्ता से मसाढू मोड़ तक एनएच-80 से होकर डेढ़ फीट गंगा का पानी बहने लगा है। कई स्थानों पर एनएच पर कटाव शुरू हो गया है। एनएच पर पानी आने से भागलपुर का कहलगांव से सड़क संपर्क भंग हो गया है। एनएच पर पैदल आवाजाही रोक लगा दी गई है। बेरियर लगाकर पुलिस कैंप कर रही है। पानी तेजी से रेलवे लाइन की ओर बढ़ रहा है। इसके कारण रेलवे लाइन पर खतरा मंडराने लगा है।
बाढ़ का पानी प्रवेश करने के कारण डीएवी स्कूल को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया गया है। सोमवार को होने वाली परीक्षा को स्थगित कर दिया गया है। यह जानकारी डीएवी के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक सह प्राचार्य कमल किशोर सिन्हा ने दी है। उन्होंने बताया कि स्कूल बंद होने की जानकारी एसएमएस के माध्यम से बच्चों को अभिभावकों को भेजी जा रही है। औद्योगिक प्रांगण में पानी तेजी से प्रवेश कर रहा है। सड़कों पर पानी बहने लगा है। बाढ़ का पानी तीन दर्जन से अधिक गांवों में घुस गया है। हजारों लोग विस्थापित हो गए हैं। रजंदीपुर, बाबूपुर, संतनगर, मीराचक, नवटोलिया के बाढ़ पीड़ितों का बुरा हाल है। भूख-प्यास से लोग तड़प रहे हैं। अभी तक राहत सामग्री नहीं पहुंच पाई है। आधा दर्जन गांवों के लोग घर छोड़कर सबौर हाईस्कूल राहत कैंप में शरण ले रहे हैं। यहां सिर्फ रोशनी की व्यवस्था की गई है। खानपान की कोई व्यवस्था नहीं है। सबौर प्रखंड परिसर में भोजन पैकेट तैयार है, पर राहत व बचाव कार्य शुरू नहीं हो पाया है। फरका पंचायत के बाढ़ पीड़ितों के लिए पंचायत भवन में खिचड़ी बन रही है। नवटोलिया चौका व जियाउद्दीनपुर के लोग अर्द्धनिर्मित अपार्टमेंट में शरण ले रखा है। शिवगंगा अपार्टमेंट बाबूपुर में स्वास्थ्य शिविर खोला गया है। सुल्तानगंज व नारायणपुर में डूबने से दो की मौत हो गई है।