नाथनगर में बाढ़ राहत के लिए बवाल
भागलपुर। नाथनगर प्रखंड के रत्तीपुर बैरिया समेत पांच पंचायत के 200 से अधिक विस्थापितों ने शुक
भागलपुर। नाथनगर प्रखंड के रत्तीपुर बैरिया समेत पांच पंचायत के 200 से अधिक विस्थापितों ने शुक्रवार को ललमटिया थाना के समीप एनएच-80 को पत्थर व बांस-बल्ली लगाकर चार घंटे तक जाम कर दिया। वे बाढ़ राहत नहीं मिलने से आक्रोशित थे। आग्रह नहीं सुने जाने पर उन्होंने ललमटिया थाना को घेर लिया। दो दर्जन से अधिक छोटे बड़े वाहनों में तोड़फोड़ की। राहगीरों से हाथापाई की, पुलिस से भी उलझ पड़े। आंदोलनकारियों के कड़े रुख को देख पुलिस वहां से सरक गई। बाद में सीओ सुशील कुमार के समझाने-बुझाने व श्रीरामपुर के मुखिया प्रमोद यादव को राहत के लिए पांच लाख चौदह हजार रुपये का चेक देने के बाद उनका आक्रोश शांत हुआ और उन्होंने जाम हटाया। प्रदर्शनकारी महाशय ड्योढ़ी में 15 दिनों से सरकारी मदद की वाट जोह रहे थे। भूख से हालत बिगड़ने के बाद उनके सब्र का बांध टूट गया था।
सड़क पर मच गई भगदड़
उग्र भीड़ के आक्रोश और तोड़ फोड़ के कारण सड़क पर भगदड़ मच गई। प्रदर्शनकारी शुक्रवार सुबह पुलिस गिरफ्त में आए भाकपा माले नेता की रिहाई के साथ-साथ बाढ़ राहत भी चाह रहे थे।
जिला प्रशासन कर रहा मजाक
मुखिया प्रमोद यादव ने बताया कि जिला प्रशासन उनलोगों के साथ मजाक कर रहा है। गुरुवार को उनलोगों को राहत सामग्री लेने के लिए सीओ ने बुलाया था। वेलोग ट्रेक्टर लेकर पहुंचे तो सीओ और बीडीओ ने बिना सामान दिए लौटा दिया। इससे विस्थापितों का आक्रोश बढ़ा और सभी सड़क पर उतर आए। हमारे पंचायत की तीन हजार आबादी राहत सामग्री नहीं मिलने से परेशान है।
पहुंची तीन थानों की पुलिस
इधर, बवाल की सूचना मिलते ही तीन थाने की पुलिस वज्र वाहन के साथ पहुंची। उन्होंने लोगों को शांत करने का प्रयास किया पर ग्रामीण नहीं माने। चार घंटे के बाद नाथनगर सीओ ने राहत के लिए चेक प्रदान किया। उन्होंने कहा कि इस पैसे से बाढ़ पीड़ितों के बीच चूड़ा वितरण किया जाएगा।