पूर्व विधायक के करीबी और रिश्तेदारों की संपत्ति खंगालेगी पुलिस
भागलपुर। मारपीट व रंगदारी मामले में फंसे पूर्व गोड्डा विधायक राजद नेता संजय यादव की मुश्किलें
भागलपुर। मारपीट व रंगदारी मामले में फंसे पूर्व गोड्डा विधायक राजद नेता संजय यादव की मुश्किलें बढ़ती जा रही है। पुलिस अब उनकी संपत्ति के अलावा उनके करीबियों और रिश्तेदारों की संपत्ति खंगालने में जुटी है। इसके लिए बांका एसपी राजीव रंजन ने तीन जिलों के जिलाधिकारियों को पत्र लिख पूर्व विधायक समेत उनके करीबियों और रिश्तेदारों के संपत्ति का ब्यौरा देने का आग्रह किया है। ताकि आय से अधिक संपत्ति मामले में इन लोगों पर भी शिकंजा कसा जा सके।
करीबी और रिश्तेदारों के नाम से बनायी है संपत्ति
गोड्डा के गैर राजद संगठन के नेता ने बताया कि पूर्व विधायक संजय यादव ने अपने कार्यकाल के दौरान काफी रूपए कमाए हैं। उनकी भागीदारी हर जगह होती थी। उन्होंने इसके बाद पैसे से करीबी और रिश्तेदारों के नाम से भी कई जगह जमीन और मकान खरीद रखे हैं। ताकि उन पर कभी भी आय से अधिक संपत्ति मामले में शिकंजा ना कसा जा सके। मगर पुलिस को इस बात की भनक लगते ही तीन जिलों को डीएम को करीबी और रिश्तेदारों के संपत्ति का भी ब्योरा मांगा है। ताकि विधायक की काली कमाई छुप ना सके।
दूसरे राज्यों में रिश्तेदारों और करीबियों के नाम से है संपत्ति
सूत्रों की मानें तो पूर्व विधायक ने अन्य राज्यों में भी अपनी संपत्ति खुद के नाम से नहीं ले करीबियों और रिश्तेदारों के नाम से संपत्ति बनायी है। उनके नाम से ही कई मकान और फ्लैट हैं। हालांकि अभी तक इस बारे में पुलिस जांच कर रही है। पता चलने के बाद पुलिस आय से अधिक संपत्ति मामले में कार्रवाई शुरू करेगी। पुलिस की मानें तो संपत्ति जांच करने के बाद पूरी रिपोर्ट का अवलोकन के बाद आर्थिक अपराध ईकाई को जानकारी दी जाएगी। फिलहाल बांका में पूर्व विधायक की अवैध संपत्ति का पता लगाने के लिए डीएम ने निर्देश दिया है।
---------------
कोट
बांका एसपी ने बांका, गोड्डा और रांची के जिलाधिकारी को पत्र लिख पूर्व विधायक के रिश्तेदारों और करीबियों की संपत्ति का ब्यौरा मांगा है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
- विकास वैभव, डीआइजी पूर्वी क्षेत्र भागलपुर