Move to Jagran APP

CM बोले- मुंगेर में खुलेगा बिहार का पहला वानिकी कॉलेज, पर्यटन केंद्र बनेगा भीमबांध

सीएम नतीश कुमार मुंगेर पहुंचे। उन्‍होंने हवेली खड़गपुर में पॉलिटेक्निक कॉलेज का उद्धाटन किया। कहा- बिहार सरकार बच्‍चों को शिक्षित करने के लिए संकल्पित है।

By Dilip ShuklaEdited By: Published: Wed, 16 Jan 2019 04:06 PM (IST)Updated: Thu, 17 Jan 2019 08:16 AM (IST)
CM बोले- मुंगेर में खुलेगा बिहार का पहला वानिकी कॉलेज, पर्यटन केंद्र बनेगा भीमबांध

मुंगेर/खगड़िया [जेएनएन]। बिहार सरकार बच्‍चों को शिक्षित करने के लिए संकल्पित है। शिक्षा व्यवस्था की अक्सर समीक्षा कर इसमें और बेहतरी की जा रही है। तकनीकी शिक्षा के अलावा बेहतर नौकरी प्राप्त करने के लिए भी सरकार अच्छी योजना के तहत शिक्षण संस्‍थान खोल रहे हैं। ये बातें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुंगेर में पाॅलिटेक्निक काॅलेज के उद्घाटन के अवसर पर एक सभा को संबोधित करते हुए बोल रहे थे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने 49 करोड़ 40 लाख की लागत से बने पाॅलिटेक्निक काॅलेज का उद्घाटन किया।

loksabha election banner

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि मुंगेर में विश्वविद्यालय की स्थापना हुई। सूबे का एक मात्र वानिकी काॅलेज मुंगेर में बन रहा है। बेगूसराय में राज्य सरकार की ओर से मेडिकल कॉलेज बनाया गया है। जमुई में केंद्र सरकार की अनुशंसा पर मेडिकल कॉलेज खोला जाएगा। उन्‍होंने कहा कि सभी जिलों में मेडिकल कॉलेज खोलना संभव नहीं है। एम्स की मांग हो रही है। एम्स की स्थापना केंद्र सरकार करती है। केंद्र सरकार अगर एम्स खोले, तो हमें कोई आपत्ति नहीं होगी। उन्होंने कहा कि न्याय के साथ विकास किया जा रहा है। किसी क्षेत्र की उपेक्षा नहीं हो रही है। मुंगेर के एप्रोच पथ पर अगर सरकारी जमीन पर भी कोई बसा है, तो उसे भी मुआवजा दिया जाएगा। मुआवजा देकर गतिरोध समाप्त कर दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इको टूरिज्म के विकास की सबसे अधिक संभावना भीमबांध में है। भीमबांध का विकास हो रहा है। भीमबांध पहुंचने के लिए नौ किलोमीटर सड़क का निर्माण होगा। सड़क पर 30 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। खड़गपुर झील को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां वोटिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने कहा कि राज्य में चार हजार जूनियर इंजीनियरों की होगी बहाली की जाएगी। स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के माध्यम से गरीब बच्चों को पढ़ने के लिए चार लाख रुपये की सहायता राशि दी जा रही है।

इससे पहले सीएम ने अगुवानी-सुल्तानगंज महासेतु का हवाई सर्वेक्षण किया। इस दौरान स्थानीय विधायक आरएन सिंह ने अगुवानी में उनका स्‍वागत किया।

आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि मुंगेर में दो महीने पहले विश्वविद्यालय का उद्घाटन हुआ था। आज पाॅलिटेक्निक कालेज का उद्घाटन हो रहा है। शीघ्र ही इंजीनियरिंग काॅलेज का भी निर्माण पूरा हो जाएगा। राजद पर प्रहार करते हुए कहा कि 15 वर्ष के शासनकाल में एक नए पाॅलिटेक्निक काॅलेज का निर्माण तक नहीं कर सका है, जो इंजीनियरिंग काॅलेज चल रहे थे, उसे भी बंद कर दिया गया। राजद शासनकाल में मात्र तीन इंजीनियरिंग काॅलेज थे। लेकिन, आज 19 जिलों में इंजीनियरिंग काॅलेज खुल चुके हैं।

पाॅलिटेक्निक काॅलेज से पास होने के साथ ही युवाओं को नौकरी मिलेगी। मुंगेर में वाणिकी काॅलेज का भी निर्माण किया जाएगा। 2020 की जुलाई से वाणिकी काॅलेज में पढ़ाई शुरू होगी। भीमबांध फिर से पुनर्जीवित हो रहा है। 3 करोड़ 90 लाख की लागत से भीमबांध का अलग अलग कुंड का निर्माण कराया गया है। 31 जनवरी तक भीमबांध के सौंदर्यीकरण का कार्य पूरा हो जाएगा। खड़गपुर झील को एक करोड़ 90 लाख की लागत से विकसित किया जाएगा।

विधायक मेवालाल चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री के आने से एनडीए कार्यकर्ताओं में ऊर्जा का संचार हुआ है। एनडीए की सफलता के लिए कार्यकर्ता जी जान लगा देंगे। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बिहार का समग्र विकास हुआ है।

ग्रामीण कार्य मंत्री शैलेश कुमार ने कहा कि बरियारपुर-जमुई पथ पर पहले जाम की समस्या रहती है। मुख्यमंत्री को ज्ञापन दिया तो उन्होंने स्टेट हाइवे बना दिया। जहां पालिटेक्निक काॅलेज का मुख्यमंत्री ने उद्घाटन किया है। वहां पहले चरवाहा विद्यालय था।

उद्योग मंत्री जय कुमार सिंह ने कहा कि युवाओं को तकनीकी शिक्षा मुहैया कराने और राज्य के उद्योग को तकनीकी मानव संसाधन उपलब्ध कराने के लिए लगभग 45 करोड़ की लागत से हवेली खड़गपुर में पालिटेक्निक कालेज का उद्घाटन किया गया। वहीं, लैब सहित अन्य जरूरत के लिए चार लाख रुपये अतिरिक्त राशि आवंटित कर दी गई है। प्रत्येक जिले में पाॅलिटेक्निक और इंजीनियरिंग काॅलेज खोलने का राज्य सरकार ने निश्चय किया था। मुंगेर में भी इंजीनियरिंग कालेज के लिए जीमन चिह्नित किया गया है। जिसके निर्माण के लिए भूमि पूजन कार्यक्रम भी शीघ्र होगा।

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बिहार लोक सेवा आयोग के माध्यम से इंजीनियरिंग कालेज और पाॅलिटेक्निक काॅलेज के लिए शिक्षक की नियुक्ति की जा रही है।

पथ निर्माण मंत्री नंद किशोर यादव ने कहा कि एनडीए की सरकार के नेतृत्व में बिहार सभी क्षेत्रों में विकास के पथ पर अग्रसर है। आरओबी का उद्घाटन हो रहा है। 56 करोड़ की लागत से बरियारपुर आरओबी का निर्माण हुआ है। मुंगेर गंगा नदी पर बने रेल सह सड़क पुल के एप्रोच पथ का निर्माण कार्य भी आज से शुरू हो गया है। दो वर्ष में एप्रोच पथ का काम पूरा होगा। एप्रोच पथ पर दो सौ करोड़ से अधिक राशि खर्च की जाएगी। मुंगेर से मिर्जाचौकी तक फोरलेन सड़क का निर्माण हो रहा है। मुंगेर जिला के सड़क और पुल पर आने वाले तीन साल में 500 करोड़ रुपये खर्च होगा।

राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने कहा कि मुंगेर में इंजीनियरिंग कालेज के लिए कृषि विज्ञान केंद्र की जमीन विज्ञान एवं प्रौद्यगिकी मंत्रालय को स्वीकृति मिल चुकी है। अगले माह तक टेंडर की प्रक्रिया भी पूरी कर ली जाएगी। हवेली खड़गपुर और तारापुर की एक भी सिंचाई परियोजना लंबित नहीं है। आने वाले वर्ष में यहां के किसानों को सिंचाई की कोई समस्या नहीं होगी।

मंत्री महेश्वर हजारी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने सत्ता में आते ही सभी विद्यालयों के भवन की सूरत बदल दी है। सभी शिक्षण संस्थान का भवन बनाने का काम सीएम ने किया। बिहार को वर्ष 2005 से सीएम ने संवारने का काम किया है।

प्रमंडलीय आयुक्त पंकज कुमार पाल, डीआइजी मनु महाराज, एसपी गौरव मंगला, डीडीसी रामेश्वर पांडेय आदि सुरक्षा व्‍यवस्‍था संभाल रहे थे। उनके सभी कार्यक्रमों में प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे। इस दौरान अपर समाहर्ता विद्यानंद सिंह, एएसपी हरिशंकर कुमार, एएसपी अभियान राणा नवीन, एसडीओ संजीव कुमार, डीएसपी पोलस्त कुमार, इंस्पेक्टर बालकृष्ण यादव, थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार सिंह, गंगटा थानाध्यक्ष नीरज कुमार ठाकुर, टेटिया बम्बर थानाध्यक्ष अजय कुमार, शामपुर थाना प्रभारी बीके यादवेन्दु सहित अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी मौजूद थे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.