सभा नहीं, रात के अंधेरे में मांगे जा रहे वोट
भागलपुर [नवनीत मिश्र] चुनाव की तिथि नजदीक आते ही पार्टी व उम्मीदवारों की धड़कनें तेज होती जा रही ह
भागलपुर [नवनीत मिश्र]
चुनाव की तिथि नजदीक आते ही पार्टी व उम्मीदवारों की धड़कनें तेज होती जा रही है। लगभग हर दल के उम्मीदवार अपने चुनाव प्रचार को तेज कर दिया है। भागलपुर विधानसभा क्षेत्र में महागठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, गुलाम नवी आजाद, मीरा कुमार की सभा हो चुकी है। वहीं एनडीए के पक्ष में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित साह की सभा हुई है। लेकिन भाजपा के कई मंत्री सभा करने के बजाय रात के अंधेरे में मतदाताओं व कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कर चुके हैं। नेताओं व मंत्रियों का आना जारी है। कांग्रेस उम्मीदवार अजीत शर्मा के लिए उनकी नेहा शर्मा जहां रोड शो करने वाली है, वहीं भाजपा के उम्मीदवार अर्जित शाश्वत चौबे के लिए सुशील कुमार मोदी रोड शो शुक्रवार को दोपहर तीन बजे करने वाले हैं। कांग्रेस उम्मीदवार के पक्ष में जहां राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद की सभा होने की संभावना है, भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री स्मृति इरानी सभा 11 बजे सीएमएस स्कूल में शुक्रवार को होने वाली है। चुनाव प्रचार शनिवार शाम पांच समाप्त हो रहा है।
जानकारी के अनुसार भाजपा में अर्जित शाश्वत चौबे को प्रत्याशी बनाए जाने के बाद भाजपा व आरएसएस का एक धड़ा नाराज चल रहा है। इसको देखते हुए पार्टी ने नेताओं की सभा के बजाय बैठकों पर ज्यादा जोर दिया है। भाजपा के बड़े नेताओं का आगमन रात में होता है और वे बैठकें कर सुबह दूसरे क्षेत्रों के लिए निकल जाते हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा, कपड़ा मंत्री संतोष गंगवार, केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव आदि मंत्रियों का भागलपुर दौरा हो चुका है। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जून मुंडा, आरआर पाटिल जैसे दिग्गज भी यहां बैठक कर चुके हैं। हालांकि भाजपा नेताओं का कहना है कि भागलपुर जिला मुख्यालय होने के कारण प्रमुख नेताओं का यहां ठहराव होता है। लेकिन सूत्रों का कहना है कि भागलपुर पहुंचे एक दर्जन प्रमुख नेताओं ने विभिन्न मोहल्लों में जाकर प्रमुख लोगों के साथ बैठकें की है। भाजपा से नाराज लोगों को अपनी ओर मिलाने के प्रयास किए हैं।