पहली बार मनाया जाएगा मेडिकल कॉलेज का स्थापना दिवस
जागरण संवाददाता, भागलपुर : जवाहर लाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय का स्थापना दिवस पहली बार मनाया जाएगा
जागरण संवाददाता, भागलपुर : जवाहर लाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय का स्थापना दिवस पहली बार मनाया जाएगा। तिथि 20 सितंबर तय की गई है। इस बाबत सोमवार को प्राचार्य डॉ. अर्जुन कुमार सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई।
मेडिकल कॉलेज की स्थापना 1970 में की गई है। आजतक कॉलेज का स्थापना दिवस नहीं मनाया गया था। बताया गया कि स्थापना दिवस मनाने के नाम पर सरकार द्वारा अलग से कोई फंड भी नहीं मिलता है। बैठक में फंड जुटाने की भी चर्चा हुई। अनुमान लगाया गया कि 20-30 लाख खर्च होंगे। अत: चिकित्सकों या अन्य माध्यमों से राशि इकट्ठी करने की भी चर्चा हुई। बैठक में आयोजन समिति का भी गठन किया गया। प्राचार्य डॉ. अर्जुन कुमार सिंह और अस्पताल अधीक्षक डॉ. राम चरित्र मंडल को संरक्षक बनाया गया। डॉ. डीपी सिंह को समिति का अध्यक्ष, डॉ. मृत्युंजय कुमार को उपाध्यक्ष, डॉ. हेम शंकर शर्मा, डॉ. संदीप लाल को सचिव और डॉ. हेमंत सिन्हा को कोषाध्यक्ष बनाया गया। इसके अलावा समिति में 20 अन्य चिकित्सकों को भी शामिल किया गया है। बुधवार को समिति की फिर बैठक होगी।