जिले को नहीं है प्रभारी मंत्री, लटकीं योजनाएं
जागरण संवाददाता, भागलपुर : मांझी सरकार के बिहार की सत्ता से हटने के बाद भागलपुर 'प्रभारी मंत्री' विह
जागरण संवाददाता, भागलपुर : मांझी सरकार के बिहार की सत्ता से हटने के बाद भागलपुर 'प्रभारी मंत्री' विहीन हो गया है।
जिले में अब तक कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह प्रभारी मंत्री थे। पिछले एक माह से भागलपुर को प्रभारी मंत्री नहीं है। गत माह बिहार में पैदा हुए राजनीतिक संकट के कारण 11 फरवरी को घोषित जिला संचालन समिति की बैठक अचानक स्थगित हो गई। जिसकी वजह से मुख्यमंत्री सेतु और मुख्यमंत्री नगर विकास की योजनाएं पारित नहीं हो सकी। चालू वित्तीय वर्ष में जिला संचालन समिति की बैठक ही नहीं हुई है। अब वित्तीय वर्ष समाप्त होने को है, शेष दिनों में बैठक होने की उम्मीद भी नहीं है, क्यों कि अभी तक जिले का प्रभारी मंत्री घोषित नहीं हुआ है। जिला संचालन समिति की अंतिम बैठक 25 जनवरी 2014 को हुई थी। उस समय पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री नीतीश मिश्र जिले के प्रभारी मंत्री थे। करीब एक वर्ष पूर्व जिला बीस सूत्री समिति का पुनर्गठन कर दो उपाध्यक्ष और 25 की कार्यसमिति बनाई गई। लेकिन नई समिति की भी बैठक नहीं हुई है। बीस सूत्री समिति की अंतिम बैठक 25 मई 2013 को हुई थी।
11 फरवरी 2015 को होने वाली जिला संचालन समिति की बैठक जो राजनीतिक संकट के कारण नहीं हुई, में नगर विकास विभाग की वर्ष 14-15 की योजनाओं को पारित करना था। सरकार से नगर निगम सहित चारों नगर निकायों के लिए राशि भी प्राप्त हो गई थी। लेकिन योजनाएं पारित नहीं होने से यह लटक गई है। वहीं सेतु की कुल 13 योजनाओं पर विचार विमर्श होना था। जिसके लिए सरकार से 69 करोड़ की राशि मांगी जानी थी।
जिला बीस सूत्री के उपाध्यक्ष अलीम अंसारी कहते हैं कि यह प्रभारी मंत्री की उदासीनता ही कही जाएगी कि जिले में 22 महीने से बीस सूत्री और 14 महीने से संचालन समिति की बैठक नहीं हुई है। अंसारी कहते हैं कि वे जब उपाध्यक्ष बने थे, उस समय नीतीश मिश्र समिति के अध्यक्ष थे। बाद में उन्हें हटाकर नरेंद्र सिंह को बनाया गया। सिंह ने भी बैठक के लिए समय नहीं दिया। मालूम हो कि बीस सूत्री समिति में एक और उपाध्यक्ष नवगछिया के वीरेंद्र सिंह हैं। समिति के सभी साथी जदयू से जुड़े हैं।
प्रभारी मंत्री नहीं रहने से लटकीं ये योजनाएं
मुख्यमंत्री सेतु निर्माण योजना
भागलपुर-दो
कहलगांव-तीन
पीरपैंती-दो
सुल्तानगंज-तीन
बिहपुर-एक
गोपालपुर-दो
नाथनगर-शून्य
मुख्यमंत्री नगर विकास योजना में प्राप्त राशि
नगर निगम, भागलपुर - 7 करोड़ 23 लाख
नगर परिषद, सुल्तानगंज- 89 लाख
नगर पंचायत, नवगछिया-81 लाख
नगर पंचायत, कहलगांव-55 लाख