पेज वन : दो लाख कांवरियों ने सुल्तानगंज से उठाया जल
संवाददाता, सुल्तानगंज : सावन की दूसरी सोमवारी पर सुल्तानगंज के उत्तरवाहिनी गंगा तट से दो लाख से भी अधिक कांवरियों ने जल उठाया। पूरा सुल्तानगंज गेरुआ रंग से पटा हुआ था। रेलवे स्टेशन से गंगा घाट तक कहीं भी पैर रखने तक की जगह नहीं थी। बिहार, यूपी, बंगाल, सिक्किम के अलावा नेपाल, भूटान के भी कांवरिये यहां पहुंचे हुए थे। पूरा इलाका बोल बम व हर हर महादेव के जयकारे से गूंज रहा था। देश के कोने-कोने से आए श्रद्धालु उत्तर वाहिनी गंगा का जल भरकर देवघर और बाबा वासुकीनाथ को जलार्पण करने के लिए रवाना हुए। कांवरियों के प्रति श्रद्धा दिखाने वालों की भी कमी नहीं दिख रही थी। हर जगह सहयोग करने को आमलोग व संस्था वाले तैयार थे। सरकारी आंकड़ों के अनुसार एक लाख 54 हजार 940 कांवारियों ने शाम तक जल उठाया था। इसमें 86,510 पुरुष थे। इसके अलावा 3804 डाक बम ने भी जल उठाया। इसमें 77 महिलाएं शामिल थीं। हालांकि गैर सरकारी सूत्र दो लाख से अधिक कांवरियों के जल उठाने की बात कह रहे हैं।