गोड्डी बादरपुर में फायरिंग व बमबाजी, तीन घायल
जागरण संवाददाता, भागलपुर : कजरैली इलाके के गोड्डी बादरपुर में मंगलवार की सुबह जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर फायरिंग व बमबाजी हुई, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए नाथनगर रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, गांव के ही सुधीर सिंह ने एक दशक पहले अपनी जमीन बेची थी। लेकिन उस जमीन पर सदानंद राय और संजय कुमार अपना हक जता रहे हैं। जिसे लेकर विवाद चल रहा है। आज सुबह सदानंद पक्ष के लोगों ने विवादित जमीन पर मिंट्टी डाल दी। इसकी जानकारी जैसे ही संजय को लगी तो वे भी अपने समर्थकों के साथ पहुंच गए और विरोध करने लगे। इसी बीच दोनों पक्ष से बमबाजी शुरू हो गई। बमबाजी के दौरान रंजन राय की मां फुदो देवी, जीतू व बमबम घायल हो गए। उधर, मारपीट के दौरान भूदेव राय और विनोद राय की छत से भी बम व पत्थर फेंके गए। हालांकि, पथराव के दौरान आसपास के आधा दर्जन से अधिक घरों के छप्पर क्षतिग्रस्त हो गए। करीब एक घंटे तक हुए तांडव के बाद कजरैली थानाध्यक्ष राजेश कुमार घटना स्थल पर पहुंचे और संजय कुमार व सदानंद राय को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रहा है। सदानंद राय के बयान पर महेश राय, निर्मल राय, उदय राय, संजू राय, विंदेश्वरी राय व पादो राय पर प्राथमिकी और संजय कुमार के बयान पर सदानंद राय, अरुण राय, सूरज व गौतम समेत पांच लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। सदानंद और संजय ने एक दूसरे पर गोली व बम चलाने का आरोप लगाया।