लखीसराय के चानन में बिछे हैं दो और लैंड माइंस
चानन (लखीसराय) : चानन के पहाड़ी और जंगली इलाकों को नक्सलियों ने अपना सेफ जोन बना लिया है। चुनाव के पूर्व ही यहां दो से तीन सौ नक्सलियों ने शरण ली थी। पुलिस से बचने के लिए नक्सलियों ने तीन लैंड माइंस बिछाए थे जिनमें से दो अभी भी बिछे हुए हैं। जानकीडीह बेलदरिया-कछुआ सड़क पर बकसोनिया पहाड़ी के पास की लैंड माइंस को पुलिस ने शुक्रवार शाम डिफ्यूज कर दिया। ग्रामीणों ने पुलिस को इसकी सूचना दी थी। बाकी दो से खतरा अभी बरकरार है। नक्सली अपनी कोड भाषा में लैंड माइंस को खूंटा कहते हैं। एएसपी अभियान संजय सिंह ने बताया कि इनकी खोज के लिए लांग रेंज पेट्रोलिंग की जा रही है। उधर इस नई जानकारी के बाद चानन पुलिस की नींद हराम हो गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार नक्सली मोबाइल पर तीन खूंटे (लैंड माइंस) लगाए जाने की बात कर रहे थे। इसकी जानकारी मिलने के बाद पुलिस हरकत में आ गई। बावजूद जंगली और पहाड़ी इलाकों में लैंड माइंस खोजने में पुलिस को नाकों चने चबाने पड़ रहे हैं। चुनाव से पूर्व महुलिया बासकुंड डैम से जंगल जाने वाली ग्रामीण सड़क पर लैंड माइंस बिछाने के क्रम में नक्सली अधिक यादव जख्मी हो गया था। उसे इलाज के दौरान जमुई पुलिस ने गिरफ्तार किया था। पुलिस को आशंका है कि इसी इलाके में लैंड माइंस बिछे हो सकते हैं। एक लैंड माइंस कछुआ की तरफ बिछा हो सकता है। लैंड माइंस की सूचना के कारण ग्रामीण भी सहमे हुए हैं।