बाढ़ आपदा की पूर्व तैयारी को डीएम ने दिए निर्देश
डीएम मो. नौशाद युसूफ ने अधिकारियों को बाढ़ आपदा की पूर्व तैयारी को ले आवश्यक निर्देश दिया है।
बेगूसराय। डीएम मो. नौशाद युसूफ ने अधिकारियों को बाढ़ आपदा की पूर्व तैयारी को ले आवश्यक निर्देश दिया है। वे शनिवार को समाहरणालय स्थित कारगिल विजय भवन में अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में डीएम ने कहा कि बेगूसराय जिला अति बाढ़ प्रवण जिला में शामिल है। कहा कि बाढ़ से हर साल जिला के आठ प्रखंडों के लोग प्रभावित होते हैं। जिसमें बछवाड़ा, तेघड़ा, मटिहानी, बलिया, साहेबपुर कमाल, शाम्हो अकहा कुरहा प्रखंड संपूर्ण रूप से प्रभावित होता है। जबकि बेगूसराय एवं बरौनी प्रखंड आंशिक रूप से प्रभावित होता है। डीएम ने कहा कि बाढ़ के कारण बड़े पैमाने पर जान-माल की क्षति होने की संभावना रहती है। इससे बचाव के लिए हर स्तर पर तैयारी कर लेने का निर्देश उन्होंने अधिकारियों को दिया। कहा, बाढ़ आपदा से बचाव की तैयारी के तहत सभी अंचलों में बड़े नाव की व्यवस्था की जाए। साथ ही उन्होंने पूर्व से उपलब्ध नाव को दुरुस्त करवाने का निर्देश भी अधिकारियों को दिया। कहा कि बड़े नाव की व्यवस्था से बाढ़ के दौरान आदमी के साथ-साथ पशुओं को भी पानी से निकालने में सहूलियत होगी। तैयारी के बाबत उन्होंने पालीथीन सीट, चूड़ा, गुर आदि की व्यवस्था की तैयारी करने का निर्देश भी उन्होंने दिया। बाढ़ के दौरान गोताखोरों को उपलब्ध रखने, प्रभावित क्षेत्रों में ऊंचे स्थानों को चिन्हित करने के निर्देश भी डीएम ने दिए। उन्होंने दवा आदि की मुकम्मल व्यवस्था करने का निर्देश भी बैठक में दिया। बैठक में एडीएम ओमप्रकाश प्रसाद, जिला के प्रभारी आपदा पदाधिकारी गो¨वद चौधरी, डीसीएलआर, सभी अंचलों के अंचलाधिकारी सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।