ई-रिक्शा संघ ने किया नगर निगम कार्यालय का घेराव
रूट निर्धारण सहित अन्य मांगों को ले शुक्रवार को जनाधिकार पार्टी के बैनर तले ई-रिक्शा संघ ने नगर निगम कार्यालय का घेराव किया।
बेगूसराय : रूट निर्धारण सहित अन्य मांगों को ले शुक्रवार को जनाधिकार पार्टी के बैनर तले ई-रिक्शा संघ ने नगर निगम कार्यालय का घेराव किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जन अधिकार युवा परिषद के जिला अध्यक्ष समीर चौहान ने कहा कि शहर में ई-रिक्शा परिचालन के लिए प्रशासन द्वारा तय रूट सही नहीं है। उन्होंने ई-रिक्शा संघ के लिए स्थाई स्टैण्ड की व्यवस्था करने की मांग भी की। युवा शक्ति के जिला अध्यक्ष अंजय कुमार ने ई-रिक्शा चालकों के सुरक्षा की मांग भी नगर निगम एवं जिला प्रशासन से की। उन्होंने ई-रिक्शा से वसूले जाने वाले बैरियर शुल्क को भी अवैध बताया तथा इस पर रोक लगाने की मांग की। कार्यक्रम को दशरथ तांती, ओम प्रकाश साहू, विजय कुमार, भोला चौधरी, रूपेश यादव, सुमन कुमार सहित अन्य ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम के उपरान्त नगर आयुक्त को मांग पत्र भी समर्पित किया गया। इससे पूर्व ई-रिक्शा चालकों ने शहर में जुलूस भी निकाला।