बिजली बिल वृद्धि के प्रस्ताव से उपभोक्ताओं में आक्रोश
जैसे-जैसे गर्मी बढ़ती जा रही है। बिजली आपूर्ति में कटौती शुरू हो गई है।
बेगूसराय । जैसे-जैसे गर्मी बढ़ती जा रही है। बिजली आपूर्ति में कटौती शुरू हो गई है। जबकि सरकार द्वारा बिजली की दरों में भी भारी वृद्धि किए जाने की तैयारी भी की गई है। जानकारी के मुताबिक गढ़पुरा प्रखंड क्षेत्र में आपूर्ति होने वाले बिजली के लिए पूर्व से बनाए गए रोस्टर के मुताबिक सुबह में 5 से 7 बजे तक, फिर 10 से 11 बजे तक, दोपहर 1 से 6 बजे तक, शाम 7 से 10 बजे रात तक, रात में 1 बजे से 5 बजे सुबह तक बिजली की आपूर्ति होनी है। यानी कुल मिलाकर 14 से 15 घंटे तक बिजली दी जानी है। इस संबंध में उपभोक्ताओं का कहना है कि ठंड में इस निर्धारित समय में बिजली की आपूर्ति ठीक ठग से चल रही थी। अब गर्मी शुरू होते ही इस निर्धारित शेड्यूल में भी कटौती होने लगी है। जिसके कारण अब लोगों को परेशानी शुरू हो गई है। उपभोक्ता सूरज लाल, दिनेश झा समेत कई अन्य का कहना है कि सरकार डंका पीट-पीटकर कह रही थी कि बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। परंतु यहां के लोगों को पहले से भी कम बिजली मिल रही है। सरकार के भरोसे पर बिजली के उपभोक्ताओं में भी भारी वृद्धि हुई है। परंतु बिजली की आपूर्ति में सुधार दिखाई नहीं दे रही है। आज भी क्षेत्र में पुराने तार पोल के सहारे ही बिजली की आपूर्ति हो रही है। यहां तक कि गढ़पुरा बाजार में छह दशक पूर्व लगे तार पोल के सहारे बिजली की आपूर्ति की जा रही है। इससे भी बिजली की आपूर्ति में बाधा उत्पन्न हो रही है। इस संबंध में प्रखंड के बिजली विभाग के कनीय अभियंता राजीव कुमार ने बताया कि आपूर्ति के मुताबिक बिजली सप्लाई दी जा रही है। गढ़पुरा पावर सबस्टेशन के चालू होने के बाद क्षेत्र में बिजली आपूर्ति ठीक रूप से हो पाएगी। जिसके चालू होने में 2 से 3 महीने और समय लगने की संभावना है।