लोक शिकायतों के निवारण में तत्परता बरतें
डीएम मो. नौशाद युसूफ ने लोक शिकायत निवारण पदाधिकारियों को प्राप्त परिवादों के निवारण में तत्परता प्रदर्शित करने का निर्देश दिया है।
बेगूसराय : डीएम मो. नौशाद युसूफ ने लोक शिकायत निवारण पदाधिकारियों को प्राप्त परिवादों के निवारण में तत्परता प्रदर्शित करने का निर्देश दिया है। समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में गुरुवार को इस विषय पर आयोजित एक समीक्षात्मक बैठक को संबोधित कर रहे थे। डीएम ने कहा कि बिहार लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम, 2015 का सफल क्रियान्वयन उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनता को नियत समय सीमा के भीतर लोक शिकायत निवारण का अधिकार है। लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शिकायतों का निवारण इस अधिनियम एवं नियमावली के प्रावधानों के तहत सुव्यवस्थित रूप में करें। प्राप्त परिवादों का शत प्रतिशत निवारण किया जाए, ना कि केवल निष्पादन। सभी पदाधिकारियों को इस विषय पर संवेदनशीलता एवं तत्परता प्रदर्शित करनी होगी। डीएम ने कहा कि ऐसा देखने में आया है कि लोक शिकायत निवारण कार्यालयों में होनेवाले सुनवाई से अनेक अधिकारी आदतन अनुपस्थित रहते हैं। उन्होंने ऐसे अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि उनके विरूद्ध सख्त-से-सख्त कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने इस अधिनियम का विधिवत रूप से प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया है ताकि आम जनता इसकी बारीकियों बारे में अवगत हो सके। डीएम ने कहा कि परिवाद दायर करने के इच्छुक व्यक्ति द्वारा परिवाद दाखिल करने के संबंध में, सूचना मांगे जाने पर, लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी या उनके द्वारा प्राधिकृत पदाधिकारी/कर्मचारी या केन्द्र प्रभारी यथासंभव परिवादी की सहायता करेंगे। इस आशय की जानकारी डीपीआरओ लोकेश कुमार झा ने दी।