दिनदहाड़े व्यवसायी की हत्या के बाद दहशत
बेगूसराय। दवा व्यवसायी इनोद कुमार की हत्या दिनदहाड़े कर दिए जाने के बाद हजारों की संख्या
बेगूसराय। दवा व्यवसायी इनोद कुमार की हत्या दिनदहाड़े कर दिए जाने के बाद हजारों की संख्या में मौजूद भीड़ की आंखों से आंसू टपक रहे थे। हत्या के बाद परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल था। उपस्थित लोग परिजनों को सांत्वना दे रहे थे। व्यवसायी इनोद घर का इकलौता कमाऊ सदस्य थे। जिनके कारण परिवार की जीविका चल रही थी। परिजन के क्रंदन से पूरा माहौल गमगीन बना हुआ था। गांव के हर व्यक्ति बदमाशों को कोस रहे थे और उन्हें बद दुआ दे रहे थे।
क्षेत्र में आग की तरह फैली घटना की खबर
वीरपुर (बेगूसराय) : दवा व्यवसायी इनोद कुमार की हत्या की खबर क्षेत्र में आग की तरह फैल गई। देखते ही देखते हजारों की संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। जिससे वीरपुर पुलिस को शव निकालने में काफी संघर्ष करना पड़ा। लोगों की भीड़ देखकर पुलिस विधि-व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए सीमावर्ती क्षेत्र के थानों की पुलिस मौके पर बुलाई गई।
भूमि विवाद या पुरानी रंजिश में हुई हत्या ?
संवाद सूत्र, बेगूसराय : दवा व्यवसायी की हत्या भूमि विवाद में हुई है या फिर पुरानी रंजिश के कारण। इस बात का खुलासा पुलिसिया अनुसंधान में ही होगा। हालांकि हत्या के बाद क्षेत्र में पुरानी दुश्मनी और भूमि विवाद की बात ग्रामीण आपस में कर रहे थे। पुलिस सूत्रों की मानें तो आज से लगभग एक वर्ष पहले भूमि पर कब्जा करने को लेकर व्यवसायी इनोद को गोली मारी गई थी। और उनकी जान बच गई। इस मामले में शिवदानी सहनी, बलवंत सहनी समेत कई लोगों पर प्राथमिकी भी हुई थी। पुलिस ने शिवदानी सहनी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। लेकिन बलवंत सहनी अबतक फरार है। प्रतिशोध लेने के लिए भी घटना को अंजाम दिया जा सकता है या फिर भूमि विवाद का भी मामला पुलिस मान रही है। इधर, ग्रामीणों ने बताया कि व्यवसायी गरीब लोगों की मदद भी करते थे। इस कारण से वो जगदर गांव में काफी लोकप्रिय भी थे। पुलिस विभिन्न एंगल से इस हत्या की गुत्थी को सुलझाने में जुट गई है। इस संबंध में सदर एसडीपीओ राजेश कुमार ने बताया कि भूमि विवाद और पुरानी रंजिश समेत अन्य कई बिन्दुओं पर जांच की जा रही है। शीघ्र ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
जिले में लगातार हो रही व्यवसायी की हत्या
पिछले एक माह में जिले में लगातार हत्या हो रही है। पुलिस इस पर रोक लगाने में लगातार विफल साबित हो रही है। बेलगाम अपराधी पुलिस व्यवस्था को धता बताते हुए दिनदहाड़े और सरेशाम हत्या की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। पिछले 15 दिनों में तीन व्यवसायी की हत्या हो चुकी है जबकि एक व्यवसायी अभी भी जीवन और मौत के बीच जूझ रहा है। पिछले 20 नवंबर को नगर थाना क्षेत्र के सब्जी बाजार में बेखौफ बदमाशों ने सरेशाम एक मोबाइल व्यवसायी सह पूर्व पार्षद पति विपिन साह की गोली मारकर हत्या कर दी। इस मामले में पुलिस ने दो नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। लेकिन हत्या के सात दिन बाद भी मुख्य आरोपित व शूटर की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। वहीं 27 नवंबर को लाखो ओपी क्षेत्र के कोठिया ढ़ाला के पास बदमाशों ने दिनदहाडे़ रविवार को खाद दुकान पर हमला कर लूटकांड को अंजाम दिया। इसका विरोध करने पर एक व्यवसायी मटिहानी थाना क्षेत्र के मनिअप्पा निवासी रामाश्रय कुंवर के पुत्र कमलाकांत उर्फ बिजली कुमार को गोलियों से भून डाला। जबकि उनके बड़े भाई संजीव कुंवर को दो गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। इस मामले में पुलिस ने सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। जबकि मुख्य आरोपित ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया था।