कुख्यात विधान यादव अपने तीन साथी के साथ गिरफ्तार
जिले में आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बनाते कुख्यात विधान यादव को उसके तीन अन्य सहयोगी के साथ साहेबपुरकमाल थाने की पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया।
बेगूसराय। जिले में आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बनाते कुख्यात विधान यादव को उसके तीन अन्य सहयोगी के साथ साहेबपुरकमाल थाने की पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपितों में खगड़िया जिले के मानसी थाना क्षेत्र के चुकती निवासी पुलो यादव का पुत्र विधान यादव, नवगछिया जिले के खरीक थाना क्षेत्र के बगड़ी निवासी स्व. कैलाश यादव का पुत्र मिन्टू यादव, मधेपुरा जिले के चौसा थाना क्षेत्र के बड़ी खाल निवासी लूचो यादव का पुत्र रिक्कू कुमार और खगड़िया जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कुतुबपुर निवासी मो. सलाउद्दीन का पुत्र मो. साबिर शामिल है।
पिस्तौल समेत अन्य सामान बरामद : सभी बदमाशों के पास से एक देसी पिस्तौल, दस गोली, एक बिन्डोलिया और चार मोबाइल को बरामद किया गया है। इसकी जानकारी देते हुए बुधवार को प्रेसवार्ता में एसपी रंजीत कुमार मिश्रा ने बताया कि जिले में बढ़ते अपराध पर अंकुश लगाने के लिए सभी थानाध्यक्षों को कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया था। इसी कड़ी में अपराध की योजना बनाते कुख्यात विधान यादव और उसके सहयोगी को साहेबपुरकमाल थाना की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि विधान यादव पर हत्या, लूट, डकैती, अपहरण समेत कई संगीन केस दर्ज हैं।
ओपी पुलिस पर भी गोली चलाने का आरोप : एसपी ने बताया कि विधान यादव पर मानसी, चौथम, बखरी, छौड़ाही आदि थाने में मामला दर्ज है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 में छौड़ाही ओपी की पुलिस पर गोली चलाने व लूट करने का मामला दर्ज है। वहीं गिरफ्तार विधान यादव के अन्य साथियों के आपराधिक इतिहास के लिए संबंधित थाने की पुलिस से संपर्क किया जा रहा है। एसपी ने बताया कि चारों बदमाशों की गिरफ्तारी पुलिस के लिए एक बड़ी सफलता है। इसके लिए साहेबपुरकमाल थानाध्यक्ष व छापेमारी टीम में शामिल सभी सदस्यों को पुरस्कृत किया गया जाएगा। छापेमारी में विपन प्रसाद यादव, रंजीत कुमार, पप्पू पासवान, अखिलेश पासवान, चुनचुन साह आदि शामिल थे।