गेहूं अधिप्राप्ति : बैठक में लिए गए कई निर्णय
निज प्रतिनिधि, मंझौल (बेगूसराय)। अनुमंडल मुख्यालय स्थित सभागार में शुक्रवार को गेहूं अधिप्राप्ति के लिए अनुमंडल स्तरीय पैक्स अध्यक्षों, क्रय पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला आपूर्ति पदाधिकारी अखिलेश झा ने की। बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने पैक्स अध्यक्षों को भुगतान की प्रक्रिया, गेहूं के गुणवत्ता, बिचौलयों से दूर रहने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। गेहूं अधिप्राप्ति भू-स्वामित्व प्रमाण पत्र, किसान क्रेडिट कार्ड तथा अद्यतन लगान रसीद के आधार पर गुणवत्ता को देखते हुए क्रय करने को कहा गया। किसानों को भुगतान अकाउंट पेई चेक के माध्यम से करना है। सभी पैक्सों का कैश क्रेडिट किया गया है। वहीं महेशवाड़ा पंचायत के पैक्स अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह ने किसानों का भुगतान नियत समय पर करने की मांग को रखा तथा मंझौल पंचायत-एक पैक्स अध्यक्ष विपिन कुमार ने कावर टाल क्षेत्र के गेहूं में मिट्टी का टुकरा रहने की समस्या को रखा तथा परोरा पंचायत के पैक्स अध्यक्ष उमेश यादव ने मजदूरों तथा ट्रक की समस्या के संबंध में पदाधिकारियों को अवगत कराया। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी सुमन प्रसाद साह, अंचलाधिकारी चेरिया बरियारपुर उपेन्द्र प्रसाद सिन्हा, भूमि सुधार उप समाहर्ता मो. जफर आलम, बीडीओ छौड़ाही कमल किशोर सिंह व अन्य उपस्थित थे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर