डीजल अनुदान : अब तक नहीं बंटे हैं 85 लाख रुपए
श्रीकृष्ण मिश्र, बेगूसराय : अब तक कृषि विभाग में फसल रोपणी के उपरान्त किसानों के लिए बीज मुहैया कर
श्रीकृष्ण मिश्र, बेगूसराय :
अब तक कृषि विभाग में फसल रोपणी के उपरान्त किसानों के लिए बीज मुहैया कराने की बात सामने आती रही है। समय पर बीज उपलब्ध नहीं होने के कारण किसानों को इसका लाभ नहीं मिल पाता है। साथ ही उपलब्ध कराए गए बीज के दुरूपयोग की बात भी सामने आती रही है। अब यही हाल किसानों के बीच डीजल अनुदान वितरण कार्य में भी देखने को मिलने लगा है। सरकार व विभाग द्वारा जिन फसलों की सिंचाई के लिए डीजल अनुदान का प्रावधान किया गया है, उसकी कटाई हो जाने के बाद भी डीजल अनुदान राशि वितरण का कार्य जारी बताया जा रहा है। हालांकि इसके पीछे विभागीय अधिकारी के अपने तर्क हैं। अधिकारी का कहना है कि किसानों को फसलों की सिंचाई के विरुद्ध ही राशि का भुगतान किया जा रहा है। खास यह कि फसलों की कटाई हो जाने के बाद भी किसानों के बीच अब तक आवंटित राशि के विरुद्ध महज 50 प्रतिशत राशि का वितरण ही किया जा सका है। जबकि सरकार द्वारा फसलों को सुखा से बचाने के लिए डीजल अनुदान की पर्याप्त राशि का आवंटन किया गया है। विभागीय आंकड़ों की मानें तो खरीफ 2014 में धान एवं मक्का खड़ी फसलों की सिंचाई को जिला में डीजल अनुदान के लिए कृषि विभाग को 1 करोड़ 68 लाख 320 रूपए उपलब्ध कराया गया। उपलब्ध राशि में से 22 हजार 263 किसानों के बीच 82 लाख 89 हजार 314 रूपए का वितरण ही 25 नवंबर तक किया जा सका है। वितरण को अब भी विभागीय खाते में 85 लाख 13 हजार 886 रूपए पड़े हैं। आंकड़ों पर गौर करें तो डीजल अनुदान के लिए जिला के 33 हजार 816 किसानों ने विभाग में आवेदन दिया। प्राप्त आवेदनों में से 27 हजार 233 का सत्यापन किया गया तथा 22 हजार 263 किसानों को ही अनुदान का लाभ अब तक मिल सका है। करीब पांच हजार किसानों के आवेदन सत्यापित रहने के बावजूद उनके बीच डीजल अनुदान का वितरण नहीं किया जा सका है। जो गहन जांच का विषय हो सकता है।
बोले जिला कृषि पदाधिकारी महेश प्रसाद सिंह :
जिला के सभी प्रखंडों को राशि उपावंटित कर दी गई है। वितरण हेतु 94 लाख 1 हजार 214 रूपए की निकासी अब तक कोषागार से की गई है। फिलहाल सभी प्रखंडों में डीजल अनुदान की राशि वितरण का कार्य जारी है।