घर में कैद की गई किशोरी को पुलिस ने किया बरामद
संवाद सहयोगी, बखरी : परिहारा ओपी पुलिस ने मंगलवार को एक लड़की को जबरन घर में कैद रखने के एक मामले का
संवाद सहयोगी, बखरी : परिहारा ओपी पुलिस ने मंगलवार को एक लड़की को जबरन घर में कैद रखने के एक मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने कैद लड़की को बरामद करते हुए आरोपी दंपति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
ओपी प्रभारी रंजन कुमार ने बताया कि परिहारा निवासी श्याम यादव एवं उसकी पत्नी इंदु देवी पूर्व से ही लड़कियों के खरीद- फरोख्त का धंधा करती है।
इधर उन्हें गुप्त सूचना मिली कि उक्त दंपति पुन: एक लड़की को कैद कर उसे बाहर भेजने की योजना बना रहे हैं। गुप्त सूचना पर पुलिस ने मंगलवार की तड़के श्याम के घर पर छापामारी की। छापामारी के दौरान उसके घर से एक लड़की बरामद हुई। 17 वर्षीय उक्त लड़की ने पुलिस को बताया कि वह भगवानपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली है। उसने बताया कि वह बखरी के बहोरचक गांव अपने मौसी के यहां आयी थी। तीन दिन पूर्व वह अपनी बहन के घर खगड़िया जा रही थी। खगड़िया स्टेशन पर से श्याम और उसकी पत्नी उसे बहला- फुसलाकर परिहारा ले आयी और यहां घर में कैद कर दिया। लड़की ने आरोपियों द्वारा अपने साथ दुर्व्यवहार एवं मारपीट किए जाने की बात भी कही है। पुलिस ने बरामद लड़की को मेडिकल जांच एवं 164 के बयान हेतु बेगूसराय भेज दिया है।
पुलिस की सूचना पर लड़की के परिजन परिहारा ओपी पहुंच गये हैं।