.. आखिर कहां गए गायब हुए बच्चे!
- पुलिस छान रही है खाक बेगूसराय/गढ़पुरा : बेगूसराय जिला में बच्चों के गुम होने की घटनाओं में लगात
- पुलिस छान रही है खाक
बेगूसराय/गढ़पुरा : बेगूसराय जिला में बच्चों के गुम होने की घटनाओं में लगातार इजाफा ही हो रहा है। गुम हुए कई बच्चों का मामला बाद में अपहरण का निकाला और लाशें ही मिली। बीते शनिवार को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पसपुरा गांव से अपहृत अशोक कुमार सिंह के पुत्र कन्हैया कुमार उर्फ गोलू का मंगलवार को शव ही बरामद हुआ। जबकि 4 मार्च 2014 को नगर थाना क्षेत्र के हेमरा से अपहृत 14 वर्षीय पीयूष का भी शव ही बरामद हुआ।
कहानी गायब ईशु की
खैर, 1 मार्च 2014 को जिला मुख्यालय के लोहियानगर मोहल्ले से गायब हुए डीएवी स्कूल का छात्र आठ वर्षीय नीलोत्पल उर्फ ईशु का पता अभी तक नहीं चला है। मालूम हो कि ईशु दोपहर बाद खेलने के लिए घर से निकला था और आज तक वापस नहीं लौटा है। ईशु अपने माता-पिता का इकलौता संतान है। उसके पिता संवेदक हैं और दादा जी अधिवक्ता।
बताते चलें कि ईशु मामले को लेकर शहर में लगातार आंदोलन चला। स्कूली बच्चों ने पुलिस-प्रशासन के विरोध में मानव श्रृंखला बनाकर अपना प्रतिरोध जताया था। जिला के रंगकर्मी, संस्कृतिकर्मी, सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने भी सड़क पर उतर कर ईशु की सकुशल बरामदगी की मांग की। परंतु, परिणाम ढाक का तीन पात ही निकला। अब तो ईशु के परिजनों को भगवान का ही भरोसा है। इस मामले में तत्कालीन एसपी ने सीबीआइ के सहयोग से मामले में गिरफ्तार कुछेक संदिग्धों का लाई डिटेक्टिंग टेस्ट भी करवाया। लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी।
इधर, इस संबंध में सदर डीएसपी राजकिशोर सिंह से पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि अब तक ईशु मामले में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि, ईशु का वास्तविक में अपहरण ही किया गया। क्योंकि अब तक किसी ने भी ईशु के परिजनों से फिरौती आदि नहीं मांगी है।
नहीं मिला अब तक प्रिंस का सुराग
गढ़पुरा थाना क्षेत्र के मालीपुर गांव से सितंबर 2012 में अरविंद महतो का 12 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार उर्फ अकलू विद्यालय जाने के क्रम में गायब हुआ। उसका अब पता नहीं चल पाया है। इस संबंध में थाना में मामला भी दर्ज है। प्रिंस के पिता अरविंद महतो दिल्ली में राजमिस्त्री का काम करते हैं। उनका कहना है कि एक लाख से अधिक रुपये बच्चे के खोज में खर्च हो चुका है। इधर, गढ़पुरा थानाध्यक्ष उदय कुमार सिंह का कहना है कि बच्चे की बरामदगी को लेकर प्रयास जारी है।