'बिहार बचाओ अभियान' का शंखनाद
जागरण संवाददाता, बेगूसराय: भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यसमिति की बैठक रविवार की देर रात्रि महंत कॉलेज के सभागार में संपन्न हुई। बैठक में बिहार विधानसभा चुनाव-2015 पर चर्चा हुई।
बैठक के दूसरे सत्र को संबोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष सह क्षेत्रीय प्रभारी मिथिलेश तिवारी ने कहा कि बड़े भाई-छोटे भाई की जोड़ी राजनीतिक अवसरवाद का चरम रूप है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विधानसभा चुनाव-2015 में बेगूसराय जिला में भाजपा का परचम लोकसभा चुनाव-2014 की तरह ही लहराएगी।
इधर, जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने 'दैनिक जागरण' को बताया कि पार्टी कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण शिविर लगाया जाएगा। वहीं जंगलराज-2 की वापसी को रोकने को लेकर 'बिहार बचाओ अभियान' चलाया जाएगा। इसमें पार्टी पदाधिकारी समेत सांसद, विधायक आदि भी भाग लेंगे। जिलाध्यक्ष ने पार्टी नेताओं-कार्यकर्ताओंको प्रशासन द्वारा झूठे मुकदमें में फंसाए जाने की तीव्र निंदा की। चेतावनी देते हुए कहा कि प्रशासन अपनी इस हरकत को बंद करें, अन्यथा भाजपा सड़क पर उतर कर संघर्ष करेगी।
समापन सत्र को संबोधित करते हुए विधान पार्षद रजनीश कुमार ने बूथ वाइज बीएलओ की नियुक्ति पर विस्तार से चर्चा की। मौके पर पार्टी संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लिया।
इस अवसर पर पार्टी के सभी जिला पदाधिकारी, जिला कार्यसमिति सदस्य, मंडल अध्यक्ष, मंच-मोर्चा के अध्यक्ष, सदस्यता प्रभारी समेत डा. सुरेश राय, ब्रह्मदेव यादव, सुरेंद्र विवेक, नवीन कुमार, बलराम सिंह आदि मौजूद थे।