स्मार्ट सिटी नहीं, स्मार्ट गांव चाहिए : सांसद
बांका। क्षेत्रीय सांसद सह राजद के वरीय नेता जयप्रकाश नारायण यादव ने कहा कि भाजपा की केन्द्र सरकार जा
बांका। क्षेत्रीय सांसद सह राजद के वरीय नेता जयप्रकाश नारायण यादव ने कहा कि भाजपा की केन्द्र सरकार जातिगत आंकड़ा संदूक में बंद कर रखी है। आखिर प्रधानमंत्री को जातिगत आंकड़ा जारी करने में क्या संकोच है। देश के आवाम का यह संवैधानिक हक है। वहीं अब प्रधानमंत्री स्मार्ट सिटी की बात करते हैं। स्मार्ट सीटी अमीर व पूंजीपतियों के लिए होता है। यहां की जनता को स्मार्ट गांव चाहिए।
सांसद शुक्रवार को परिसदन में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार आर्थिक, सामाजिक, शैक्षणिक आंकड़ा जारी कर यह बता सकती है कि कितने नागरिक भूमिहीन हैं, अशिक्षित हैं, बेरोजगार हैं। लेकिन, ऐसे व्यक्ति या परिवार किस जाति से आते हैं। यह बताने से कतरा रही है। दरअसल, भाजपा का काला चेहरा सामने आने लगा है। वे रिपोर्ट से डर रही है। और जबतक रिपोर्ट जनता के समक्ष प्रस्तुत नहीं होता है, उनकी पार्टी बैठने वाली नहीं है। सड़क से लेकर संसद तक आंदोलन होगा। उन्होंने पार्लियामेंट ठप होने के संकेत दिए। साथ ही आगामी 27 जुलाई को इसी मुद्दे पर बिहार बंद का आह्वान भी किया। सांसद ने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार जनता से किए गए एक भी वादा पूरा नहीं कर पाई। चाहे वह कालाधन, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी सभी मुद्दों पर सरकार नजर मिलाने लायक नहीं है। वहीं उन्होंने कहा कि वे जिला के बिजली व्यवस्था को दुरूस्त करने के लिए संकल्पित हैं। कुछ दिनों बाद श्रावणी मेला है। कांवरियों को किसी प्रकार की कोई कठिनाई न हो इसके लिए प्रधान सचिव से लेकर डीएम तक से मुकम्मल व्यवस्था करने के लिए खत लिखा है। इस मौके पर उपाध्यक्ष अनिरुद्ध यादव, ओमप्रकाश गुप्ता, प्रवक्ता अनंत राय, विनोद यादव, संजय यादव, नरेश यादव सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।