जनसंख्या नियंत्रण के लिए शिक्षा का अलख जगाने पर बल
शंभूगंज संसू : प्रखंड के छत्रहार पंचायत भवन में मुखिया मनोज कुमार मिश्र की अध्यक्षता में बैठक आयोजित
शंभूगंज संसू : प्रखंड के छत्रहार पंचायत भवन में मुखिया मनोज कुमार मिश्र की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गयी। इसमें जनसंख्या स्थिरिकरण, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता तथा शौचालय निर्माण पर चर्चा की गयी। सीडीपीओ सुनीता कुमारी, आशा मैनेजर मुकेश कुमार, उपमुखिया नायडू देवी, विकास मित्र निवास दास, पीआरएस रविरंजन, आशा फेसिलेटर रीता कुमारी सहित आगनबाड़ी सेविका, सहायिका सहित अन्य लोग बैठक में शामिल थे।
बैठक में मुखिया मनोज कुमार मिश्र ने बताया की जनसंख्या नियंत्रण सिर्फ सरकार के भरोसे संभव नहीं है। इसके लिए समाज को शिक्षित करना जरुरी है। अशिक्षा के कारण जनसंख्या बढ़ रही है। ऐसी स्थिति में महिला के स्वास्थ्य पर भी बुरा प्रभाव पड़ता है। बताया कि आगामी आठ दिसंबर को मध्य विद्यालय छत्रहार में बंध्याकरण शिविर का आयोजन किया जायेगा। आशा मैंनेजर मुकेश कुमार ने कहा की महिलाओं को अब बंध्याकरण कराने पर प्रोत्साहन राशि 1400 रुपया मिलेगा। जबकि उत्प्रेरक को 200 रुपया। जो महिला प्रसव के एक सप्ताह की अवधि में बंध्याकरण कराती हैं। उसे 2200 रुपया मिलेगा। सभी आशा एवं आगनबाड़ी सेविका को कहा गया की वे पोषक क्षेत्र में वैसी महिलाओं की सूची जमा करें। पंचायत की जनसंख्या के अनुसार न्यूनतम 102 बंध्याकरण साल में होना चाहिए । सभी आगनबाड़ी सेविका अपने पोषक क्षेत्र की आशा, वार्ड सदस्य, विकास मित्र, सहायिका आदि से समन्वय स्थापित कर केन्द्रवार 17 महिलाओं का बंध्याकरण कराना सुनिश्चित करें। सीडीपीओ सुनीता कुमारी ने स्वच्छता पर प्रकाश डाला। कहा की इसके लिए जागरूकता जरुरी है। शौचालय घर- घर बनाने को लेकर प्रोत्साहित करने पर बल दिया। रविवार को पंचायत के तीन आगनबाड़ी केन्द्रों पर कला जत्था के माध्यम से स्वच्छता एवं पोषण के विभिन्न पहलुओं पर जागरुकता संदेश पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है।
आगनबाड़ी सेविका रूपम कुमारी, वीणावादिनी, सुप्रिया दास, सिंधु कुमारी, कुमारी गुड़िया, आशा कार्यकर्ता नीलम मिश्र, राजमणी देवी, पूनम देवी सहित करीब तीन दर्जन से अधिक लोगों ने भाग लिया।