उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ संपन्न हुआ आस्था का महापर्व
संवाद सहयोगी, बांका: लोक आस्था का महा पर्व छठ गुरुवार को धूमधाम के साथ संपन्न हो गया। गुरुवार की सुब
संवाद सहयोगी, बांका: लोक आस्था का महा पर्व छठ गुरुवार को धूमधाम के साथ संपन्न हो गया। गुरुवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ इसका समापन हुआ। इसके लिए पूरे जिला में नदी और सरोवर के किनारे लाखों की भीड़ जमा रही। व्रती के अलावा बड़ी संख्या में महिला, पुरूष और बच्चे छठ घाट पहुंचे और सूर्य देव को अर्घ्य दिया। इससे पहले बुधवार को श्रद्धालुओं ने डूबते हुए सूर्य को विधिवत अर्ध्य दिया।
चार दिवसीय छठ पर्व को लेकर घर व नदी दोनों ही आस्था का अद्वितीय केन्द्र बना रहा। अर्घ्य देने के लिए विभिन्न नदियों व जलाशयों में सांझ-सवेरे क्षद्धालुओं की बेसुमार भीड़ उमड़ पड़ी। सभी ने अर्घ्य देकर अपनी मनोकामना मांगी। इस पावन अवसर पर हर एक व्यक्ति मन की मलीनता व छल कपट की दीवार को लांघता नजर आया। छठ पर्व में व्रती की भूमिका सबसे अहम होती है। निर्जला उपवास में व्रती नदी में पानी में खड़ी रही। करीब 36 घंटे तक निर्जला रह कर अर्घ्य को विधिवत संपन्न किया। इस दौरान नदी, घर सहित पूरा शहर भक्ति रस में डूबा रहा। जगह-जगह छठ मैया का गीत गूंजता रहा। घर से लेकर छठ घाट तक दीपक की रोशनी से नहाता रहा। ऐसे स्वयंसेवी संगठनों ने छठ घाटों पर सफाई और रोशनी का बढि़या इंतजाम कर रखा था। सचमुच छठ पर्व का नजारा अद्भुत रहा। शहर की दो प्रमुख नदी चांदन व ओढ़नी के तारामंदिर, भयहरण स्थान, सूर्य मंदिर, एमआरडी, विजयनगर सहित अन्य छठ घाटों पर विशेषकर छठ पूजा का माहौल दिखता रहा। सूर्य मंदिर घाट पर पूर्व मंत्री सह विधायक रामनारायण मंडल ने अर्घ्य दिया। जबकि एसपी डा. सत्यप्रकाश ने प्रात: काल तारामंदिर स्थित घाट पर परिजनों के साथ सूर्य को अर्घ्य दिया। इसी घाट पर भाजपा नेता मनोज यादव ने अर्घ्य दिया।