दूषित पानी से लाखों रुपये की मछलियां मरी
संवाद सूत्र, अमरपुर (बांका) : थाना क्षेत्र के अजियार पोखर डुमरामा में रघुनाथपुर गाव स्थित शराब फैक्ट्री की दूषित पानी छोड़े जाने से पोखर की सारी मछलियां मर गई है। पोखर मालिक को लाखों का नुकसान हुआ है। इस घटना के विरोध में पोखर के बंदोबस्तधारी सुबोध मंडल ने शराब फैक्ट्री के प्रबंध निदेशक शिव कुमार भगत उर्फ मुन्ना भगत के खिलाफ थाना में एक लिखित आवेदन दिया है। इस घटना में लगभग दो लाख रूपये का क्षति होने की बात कहीं है। पुलिस ने आवेदन देने की पुष्टि की है।
जानकारी के अनुसार अमरपुर प्रखंड मत्स्यजीवी सहयोग समिति के मंत्री नरेश मंडल से 60 हजार रुपये में आषाढ़ में उक्त तालाब की बंदोबस्ती किया था। जिसमें मछली का जीरा गिराया गया था। समय के साथ सभी मछलियां बढ़ कर लगभग एक किलोग्राम की हो गई थी। लेकिन गुरुवार की रात शराब फैक्ट्री के प्रबंध निदेशक ने अपने उक्त फैक्ट्री का जहरीला पानी पोखर में गिरवा दिया। जिससे पोखर की सारी मछलियां मर गई। बंदोबस्तधारी सुबोध मंडल ने कहा कि गत वर्ष भी शराब फैक्ट्री के जहरीले पानी से पोखर की सभी मछली मर गई थी। जिसपर मुन्ना भगत ने क्षति हुए मछली का भरपाई करने का आश्वाशन दिया था। लेकिन बाद में निदेशक द्वारा गाली गलौज कर भगा दिया गया। पुन: जब इस घटना की शिकायत करने फैक्ट्री गेट पर पहुंचे तो डाटकर भगा दिया गया। पुलिस ने बताया कि दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।