उपचुनाव में महागठबंधन की होगी जीत : राजद
जागरण संवाददाता, बांका : विधानसभा उपचुनाव में राजद, जदयू व कांग्रेस गठबंधन के प्रत्याशी इकराम हुसैन अंसारी के नामांकन के बाद सांसद जयप्रकाश नारायण यादव ने जीत का दावा किया है। उन्होंने कहा कि जनता सांप्रदायिक शक्तियों के खिलाफ है। एकजुट होकर लोग राजद के पक्ष में मतदान का मन बना चुके हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता लोगों को जागरूक करेंगे। भाजपा ने अच्छे दिन लाने का वादा कर केंद्र में सरकार बनाई। लेकिन, सत्ता मिलते ही मंहगाई बढ़ गई। रेल किराया में बढ़ोत्तरी हुई। आम लोगों का सपना बस सपना ही बनकर रह गया। उपचुनाव में सभी स्थानों पर राजद, जदयू व कांग्रेस गठबंधन की जीत होगी। नामांकन के दौरान राजद के प्रदेश प्रधान महासचिव मुद्रिका सिंह यादव, कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी राकेश सिंह, जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, जद यू जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश मंडल, राजद प्रवक्ता ओमप्रकाश गुप्ता, महेश्वर प्रसाद साह, अनंत राय, कुंज बिहारी यादव सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता साथ थे।