मायके जाने से रोका तो ट्रेन से कट कर दी जान
निज प्रतिनिधि, बाराहाट, बांका : मायके नहीं ले जाने पर शुक्रवार को थाना क्षेत्र के डफरपुर गांव की एक महिला मंदारहिल ट्रेन से कट कर जान दे दी। यह घटना मंदारहिल रेल खंड पर रतनपुर गांव के समीप घटी। इस घटना से गांव के लोग हतप्रभ हो गए। जानकारी के अनुसार डफरपुर गांव के विजय चौधरी की शादी 15 साल पूर्व गोड्डा जिला के शिवपुर की सुनीता से हुई थी। तब से दोनों का परिवार सुखी पूर्वक चल रहा था। दोनों को दुर्गेश व दीपक नाम का पांच व दो साल का दो लड़का भी है। विजय चौधरी अधिकांश समय मुंबई में रह कर काम करता है। इस बीच छठ में वह गांव आया हुआ था। इसी बीच उसकी 35 वर्षीय पत्नी सुनिता देवी को मायके गोड्डा से किसी जन्मोत्सव में शामिल होने का बुलावा आया। इसके लिए उसने पति से जिद शुरू कर दी। पर पति ने अभी जाने देने से इंकार कर दिया। इस पर पत्नी गुस्से में आ गई। फिर मंदारहिल पैसेंजर ट्रेन के समय पर चुपके से घर से निकल पटरी के पास चली गई। दोपहर दो बजे के करीब वह रतनपुर के पास पटरी पर सो गई। ट्रेन ने हॉर्न दिया, पर इसका उस पर कोई असर नहीं पड़ा। देखते ही महिला का सिर और धड़ अलग-अलग हो गया। घटना के बाद लोगों की भीड़ वहां जमा हो गई। घटना की सूचना पर बाराहाट पुलिस ने भी वहां पहुंच मामले की जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए जब्त कर लिया। मामले की प्राथमिकी दर्ज करने के लिए रेल पुलिस भागलपुर को सूचना भेज दी गई है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर