वैज्ञानिक तरीके से करें खेती, होगा अधिक मुनाफा
निप्र, रजौन (बांका) : कृषि प्रौद्योगिकी आत्मा के तत्वावधान में शनिवार को कृषि भवन रजौन में प्रखंड स्तरीय रबी कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ प्रमुख सुमन पासवान ने किया। मौके पर परियोजना निदेशक अरविंद कुमार झा, कृषि वैज्ञानिक डॉ. रघुवर साहु, कृषि परामर्शी प्रशिक्षक अश्रि्वनी कुमार श्रीवास्तव ने किसानों को जीरो टिलेज से गेंहू की खेती, संकर मक्का के साथ मटर की खेती, मसूर की खेती, आलू की वैज्ञानिक खेती आदि की जानकारी दी। प्रशिक्षक ने किसानों को प्रभेदों का चुनाव, बुआई के समय खर पतवार प्रबंधन, उर्वरक का प्रयोग, जलप्रबंधन के बारे में बताया। इस दौरान किसानों ने डीजल अनुदान राशि नहीं मिलने तथा किसानों को बीज, खाद आदि नहीं देने का आरोप लगाया। बीएओ विनोद कुमार भारती, प्रखंड जदयू अध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह, प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष उदय कुमार सिंह ने भी किसानों को योजनाओं की जानकारी दी। मौके पर उप्रमुख अवधेश यादव, मुखिया संदीप कुमार सिंह, समन्वयक अनिल कुमार, सलाहकार प्रवीण कुमार सिंह, सुप्रिया, भारतीय किसान संघ के प्रांतीय मंत्री शुकदेव प्रसाद राव, जिला मंत्री लक्ष्मण यादव, प्रखंड आत्मा अध्यक्ष विद्याधर सिंह आदि मौजूद थे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर