सिलिंग फेन से झूल महिला ने की आत्महत्या
निप्र, अमरपुर : थाना क्षेत्र के पवईडीह गांव में एक विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। जानकारी के अनुसार विमल मंडल की 27 वर्षीय पत्नी नीलू देवी अपने दो छोटे-छोटे बच्चों के साथ गांव में पिछले पांच-छह माह से घर में ही रह रही थी। जबकि विमल मंडल दिल्ली के निजी अस्पताल में एम्बुलेंस चालक का काम करता है। गांव में मृतका नीलू देवी अपने तीन वर्षीय पुत्र वार्षिकेश एवं छह माह का पुत्र नमन के साथ घर में थी। ग्रामीणों के अनुसार मृतका सुबह-सुबह अपने बड़े पुत्र वार्षिकेश को शौच कराने बहार निकली थी। लेकिन आधा घंटा बाद घर में दोनों बच्चों के रोने की आवाज सुनाई दी। इस पर आसपास की महिला देखने के लिए उसके घर पहुंची। जहां उसे पंखा के हुक में फांसी लगा लटका पाया। परिजनों ने शव को हुक से उतारा। ग्रामीणों का कहना है कि घटनास्थल पर दीवार के सहारे एक बांस का सीढ़ी भी पाया गया है। संभवत: उसी सीढ़ी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या की गई है। प्रमुख सह ग्रामीण मनोहर पंडित ने बताया कि छठ पूजा में मृतका के ससुर बबलू मंडल जो वर्णपुर के एक प्राइवेट कारखाना में काम करते हैं, वह भी घर सपरिवार आए थे। छठ के बाद गुरुवार को वह वर्णपुर चले गये। पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है। घर में कोई पुरुष सदस्य नहीं रहने के कारण शव को पोस्टामार्टम के लिए ले जाने में समस्या बनी हुई है। महिला का मायके बांका थाना क्षेत्र के झिरबा से उसकी मां एवं अन्य रिश्तेदार घटना की खबर पाकर पहुंच गए हैं।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर