कुपित रहे इंद्रदेव, बदला सम्मेलन स्थल
जागरण प्रतिनिधि, बांका : जदयू जिला कार्यकर्ता सम्मेलन पर इंद्रदेव कुपित रहे। फलाफल पार्टी को सम्मेलन स्थल बदलना पड़ा। दरअसल वीर कुंवर सिंह मैदान में कार्यक्रम किया जाना था। कार्यकर्ताओं ने पूरी तैयारी कर ली थी। दो हजार कार्यकर्ताओं के बैठने की व्यवस्था की गई थी। पंडाल लग चुका था। कुर्सी पहुंच चुकी थी। बस कुर्सी को लगाने की देरी थी। लेकिन रविवार सुबह ही इंद्रदेव ने अपना रंग दिखा दिया। लगातार तीन घंटे के रिमझिम बारिश ने कार्यकर्ताओं को सोचने पर मजबूर कर दिया। यद्यपि कार्यक्रम के समय तक बारिश बंद हो चुकी था लेकिन कार्यकर्ताओं व आयोजकों के मन में भय व्याप्त हो गया कि कही कार्यक्रम के बीच में ही बारिश शुरू हुई तो मुश्किल हो जाएगा। आनन-फानन में कार्यक्रम नगर भवन में किये जाने का निर्णय लिया गया। इससे कार्यकर्ताओं को परेशानी हुई। नगर भवन में करीब आठ सौ कार्यकर्ताओं के बैठने की ही जगह थी। लेकिन अधिक कार्यकर्ताओं के पहुंचने से लोगों को बाहर रहना पड़ा।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर